2017-12-29 12:01:00

2017 में 23 काथलिक मिशनरियों की हत्या


वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 29 दिसम्बर 2017 (रेई, फीदेस): वाटिकन स्थित सुसमाचार प्रचार परिषद की प्रेस एजेन्सी फीदेस द्वारा जारी 2017 की रिपोर्ट में बताया गया कि इस वर्ष विश्व में 23 काथलिक मिशनरी हत्या के शिकार हुए। इनमें 13 पुरोहित, एक धर्मसमाजी, एक धर्मबहन तथा आठ लोकधर्मी विश्वासी शामिल हैं। 

  फीदेस की रिपोर्ट के अनुसार सर्वाधिक हत्याएं अमरीकी महाद्वीप में हुई जहाँ 11 प्रेरितिक कार्यकर्ताओं की हत्या की गई। अफ्रीका में 10 तथा एशिया में दो काथलिक मिशनरी मारे गये। फीदेस एजेन्सी की रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि सन् 2000 से 2016 तक विश्व में 424 काथलिक कार्यकर्त्ताओं की हत्याएँ हुई जिनमें 05 धर्माध्यक्ष भी शामिल हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कई मिशनरियों की हत्या डकैती अथवा अपहरण के प्रयास में की गई। हत्याओँ के अतिरिक्त, विश्व के कई देशों में काथलिक कार्यकर्त्ता अपहरण और डकैती के साथ-साथ दुरव्यवहार एवं धमकियों के शिकार भी बनाये गये।

कई देशों में काथलिक गिरजाघर एवं संस्थाओं पर हुए हमलों के प्रति ध्यान आकर्षित कराते हुए रिपोर्ट में कहा गया कि हाल के वर्षों में काथलिक पुरोहितों एवं धर्मसमाजियों के विरुद्ध हिंसा में वृद्धि हुई है। मेक्सिकी काथलिक मल्टीमीडिया केन्द्र के निर्देशक फादर ओमार सोतेलो ने इस बात को रेखंकित किया कि मेक्सिको की जनता स्थायी रूप से अपराधिक जगत की हिंसा झेलती आई है किन्तु हाल के वर्षों में, विशेष रूप से, पुरोहितों को निशाना बनाया जाता रहा है। मारे गये पुरोहितों में मेक्सिको के पुरोहितों की संख्या सबसे अधिक है।

कन्गो के काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष मारसेल तापा ने कहा, "हमने कई बार गिरजाघरों एवं काथलिक संस्थाओं एवं कार्यकर्त्ताओं पर हुए आक्रमणों की शिकायत की है किन्तु प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाये जाने के कारण हिंसा में इज़ाफा हुआ है।

रिपोर्ट में कहा गया कि इस वर्ष, अफ्रीका के माली में, अपहरण का शिकार बनी कोलोम्बियाई धर्मबहन ग्लोरिया आरगोती, नाईजिरिया में अपहृत छः धर्मबहनें तथा 2013 से सिरिया में अपहृत इताली पुरोहित फादर पाओलो दालओलियो अभी बन्धक रखे जा रहे हैं। दूसरी ओर, यमन में अपहृत भारत के फादर टॉम ऊझुन्नालिल, फिलीपिन्स में इस्लामिक चरमपंथियों द्वारा अपहृत फादर तेरेसितो सोगानुब एवं नाईजिरिया में बन्धक बनाये गये इताली पुरोहित माओरित्सियो पाल्लु को रिहा कर दिया गया है। 








All the contents on this site are copyrighted ©.