2017-11-17 12:19:00

म्यानमार यात्रा से पूर्व सन्त पापा ने भेजा विडियो सन्देश


वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 17 नवम्बर 2017 (रेई,वाटिकन रेडियो): सन्त पापा फ्राँसिस ने 26 से 30 नवम्बर तक म्यानमार में होनेवाली अपनी प्रेरितिक यात्रा से पूर्व म्यानमार को एक विडियो सन्देश प्रेषित किया।

सन्देश में सन्त पापा ने कहा कि वे सम्पूर्ण म्यानमार की जनता के प्रति मैत्री हाथ बढ़ाते हुए उनका अभिवादन करते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्रेरितिक यात्रा का प्रमुख उद्देश्य "प्रभु येसु ख्रीस्त के पुनर्मिलन, क्षमा एवं शांति के सन्देश को म्यानमार की जनता तक पहुँचाना है।"   

उन्होंने कहा, "मेरी यात्रा म्यानमार के काथलिक समुदाय को उसके विश्वास तथा सुसमाचार के साक्ष्य में सुदृढ़ करना चाहती है जो प्रत्येक स्त्री एवं पुरुष की प्रतिष्ठा की शिक्षा देता तथा हम सबसे प्रति, विशेष रूप से, ज़रूरतमन्दों के प्रति अपने हृदय के द्वार खोलने का आग्रह करता है। इसके साथ-साथ, अपनी यात्रा के दौरान मैं म्यानमार राष्ट्र में जन कल्याण हेतु मैत्री एवं सहयोग के हर प्रयास को प्रोत्साहन प्रदान करने की अभिलाषा करता हूँ। हम ऐसे समय में जीवन यापन कर रहे हैं जब विश्वासी एवं सभी शुभचिन्तक परस्पर समझदारी एवं सम्मान की ज़रूरत को पहचानते हैं ताकि मानव परिवार के सभी सदस्यों के बीच शांति और प्रेम स्थापित हो सके।"  

उन्होंने कहा, "मैं इस तथ्य से परिचित हूँ कि आप में से कई मेरी यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं उन सबके प्रति मैं धन्यवाद देता तथा आप सभी पर ईश्वर की आशीष की मंगलयाचना करता हूँ।" 








All the contents on this site are copyrighted ©.