2017-09-22 13:17:00

मानव-तस्करी के विरुद्ध सेयोल में धर्मबहनों का विरोध प्रदर्शन


सेओल, शुक्रवार, 22 सितम्बर 2017 (ऊका समाचार): कोरिया में काथलिक धर्मबहनों ने मानव तस्करी के खिलाफ एक अभियान शुरु किया है तथा लोगों में इस विषय पर जागरुकता बढ़ाने के लिये उन्होंने दक्षिण कोरिया की राजधानी सेयोल में विरोध प्रदर्शन भी किया।

"तलिथा कुम" नामक काथलिक धर्मबहनों की धर्मसंघ अध्यक्षाओं के संघ ने 15 सितम्बर को "एक साथ मिलकर हम मानव तस्करी से मुक्त विश्व की रचना करें" शीर्षक से उक्त अभियान का सूत्रपात किया। 

अभियान के तहत लगभग 50 धर्मबहनों ने सेयोल की सड़कों पर मानव तस्करी की गम्भीरता को दर्शाते हुए पर्चियाँ वितरित की। उन्होंने विशाल पोस्टरों का प्रदर्शन कर "मानव तस्करी को सहा न जाये", "लोगों को बेचा नहीं जा सकता" और "मानव तस्करी आधुनिक गुलामी" आदि आदि सन्देशों का प्रचार किया।

समिति मानव तस्करी के आठ प्रकारों पर ध्यान केंद्रित कर रही है जिनमें आप्रवासियों से बलात श्रम, बलात अंतरराष्ट्रीय विवाह, क्लब या मसाज पार्लरों में काम करने वाली विदेशी वेश्याओं का शोषण, अवैध अंग निष्कर्षण और चीन में उत्तर कोरियाई महिलाओं का तस्करी के लिए इस्तेमाल किया जाना शामिल है।

समिति ने मानव तस्करी के शिकार लोगों को अपनी प्रार्थनाओं का आश्वासन दिया है। 

"तलिथा कुम" काथलिक धर्मबहनों का अन्तरराष्ट्रीय संघ है जो मानव तस्करी के विरुद्ध संघर्षरत है। इस संघ में, इस समय, 70 राष्ट्रों के 600 सदस्य हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.