2017-06-26 15:49:00

एडिनबर्ग के महाधर्माध्यक्ष ने भारतीय पुरोहित की मृत्यु पर शोक प्रकट किया


एडिनबर्ग, सोमवार, 26 जून 2017 (मैटर्स इंडिया) : स्कॉटलैंड के महाधर्माध्यक्ष अपने धर्मप्रांत के एक पल्ली में पल्लीपुरोहित के रुप में सेवारत जवान भारतीय पुरोहित फादर मार्टिन जेवियर वाषच्चिरा की मृत्यु से अत्यंत दुःखी और शोकित हैं।

24 जून को स्कॉटलैंड के एक समुद्र तट के पास 33 वर्षीय पुरोहित का मृत शरीर पाये जाने के बाद एडिनबर्ग और संत अंद्रेआस के महाधर्माध्यक्ष लेओ विलियम कुश्ले ने कहा, ″जो फादर मार्टिन जेवियर को जानते और प्यार करते हैं उनके लिए फादर की मृत्यु का समाचार एक बहुत बड़ा सदमा और दुःखदायी है।″

फादर मार्टिन जेवियर को अपनी पल्ली कॉर्स्टोरफिन के संत जोन बैप्टिस्ट गिरजाघर में 20 जून को करीब 1 बजे अपराहन को अंतिम बार देखा गया था। 21 जून को सुबह पवित्र युखारिस्त समारोह के लिए उपस्थित न होने पर उनके पल्ली वासियों ने खोजना शुरु किया। उन्होंने फादर का कमरा खुला हुआ पाया था।

23 जून को करीब 4 बजे अपराहन में फादर के निवास स्थान से लगभग 30 किलोमीटर दूर पूर्व लोथियन के पश्चिम बार्न क्षेत्र के समुद्र तट में उनका शरीर पाया गया था।

महाधर्माध्यक्ष ने अपने शोक संदेश में कहा, "हमारी संवेदना, विशेष रुप से हमारी प्रार्थनायें स्कॉटलैंड और भारत दोनों देशों के उनके सभी प्रियजनों के साथ है। ईश्वर उनकी आत्मा को अनंत शांति प्रदान करें।" महाधर्माध्यक्ष कुश्ले 24 और 25 जून को क्रोस्टोरफाइन पल्ली में मिस्सा बलिदान चढ़ाया और पल्लीवासियों को सहारा दिया।

33 वर्षीय फादर जेवियर केरल राज्य के चंगनाशेरी महाधर्मप्रांत के पुलिंचुनु पल्ली के मूल निवासी थे। सन् 2013 में कार्मेलाइट ऑफ मेरी इम्माकुलेट धर्मसमाजी (आइएमएस) पुरोहित के रुप में उनका अभिषेक हुआ था। वे एडिनबर्ग विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर अध्ययन करने के लिए 15 जुलाई 2016 को स्कॉटलैंड आये और अक्टूबर 2016 में कॉर्स्टोरफिन में पल्लीपुरोहित नियुक्त होने से पहले फलकिक्र की पल्लियों में अपनी सेवा दी थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.