2017-05-13 10:49:00

फातिमा में सन्त पापा फ्राँसिस की युद्धों के अन्त की अपील


फातिमा, पुर्तगाल शनिवार, 13 मई 2017 (सेदोक): पुर्तगाल स्थित काथलिक धर्म के सर्वाधिक प्रसिद्ध मरियम तीर्थ फातिमा के दौरे पर सन्त पापा फ्राँसिस ने, शुक्रवार को, युद्धों के अन्त के लिये प्रार्थना की तथा समस्त विश्वासियों से आग्रह किया कि वे "सभी दीवारों को तोड़कर" न्याय एवं शांति का प्रसार करें। पुर्तगाल में अपनी दो दिवसीय तीर्थयात्रा हेतु सन्त पापा शुक्रवार दोपहर फातिमा स्थित मरियम तीर्थ पहुँचे थे जहाँ 100 वर्ष पूर्व माँ मरियम ने तीन चरवाहे बच्चों को दर्शन दिये थे। फातिमा का मरियम तीर्थ मरियम दर्शनों के कारण विश्व विख्यात हो गया है जहाँ प्रतिवर्ष कम से कम 70 लाख श्रद्धालु मन्नतें मांगने आते हैं।

शुक्रवार को पुर्तगाली वायु सेना के दो लड़ाकू विमानों ने रोम से मोन्ते रेयाल सैन्य हवाई अड्डे पर  उतरने वाले सन्त पापा फ्राँसिस के विमान की अगवानी की। मोन्ते रेआल हवाई अड्डे पर सैन्य सलामी एवं राष्ट्रीय गीतों की धुनों को बजाकर राजकीय सम्मान सहित सन्त पापा फ्राँसिस का हार्दिक स्वागत किया गया। इस अवसर पर पुर्तगाल के राष्ट्रपति मारसेलो डिसूज़ा के अतिरिक्त अन्य वरिष्ठ सरकारी एवं कलीसियाई अधिकारियों के साथ लगभग एक हज़ार प्रशंसक उपस्थित थे। हवाई अड्डे पर ही पुर्तगाल के राष्ट्रपति एवं काथलिक कलीसिया के परमाध्यक्ष के बीच वैयक्तिक मुलाकात सम्पन्न हुई, उपहारों का आदान प्रदान हुआ तथा राष्ट्रपति के शिष्टमण्डल एवं उनके परिवार सदस्यों ने सन्त पापा के साथ तस्वीरें खिंचवाई तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। तदोपरान्त सन्त पापा फ्राँसिस ने हवाई अड्डे पर स्थित प्रार्थनालय में घायल एवं अस्वस्थ सैनिकों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें अपना आशीर्वाद प्रदान किया।

मोन्ते रेयाल हवाई अड्डे से हेलीकॉप्टर द्वारा लगभग बीस मिनटों में सन्त पापा फ्राँसिस फातिमा के स्टेडियम पधारे। यहाँ से मरियम तीर्थ के प्रमुख चौक तक लगभग साढ़े चार किलो मीटर की दूरी उन्होंने अपनी पारदर्शी पापामोबिल गाड़ी से तय की। इस दौरान मार्ग के ओर-छोर एकत्र हज़ारों तीर्थयात्रियों ने पुष्पों की वर्षा कर हर्षोल्लास के साथ "वीवा ओ पापा" नारे लगाते हुए उनका भव्य स्वागत किया। हालांकि विगत दिनों पुर्तगाल में मौसम का मिज़ाज बिगड़ा रहा था, सन्त पापा के आगमन के दिन सूर्य सर्वत्र अपना शानदार प्रकाश बिखेर रहा था।

फातिमा में सन्त पापा फ्राँसिस ने सर्वप्रथम मरियम तीर्थ पर मरियम दर्शनों को समर्पित प्रार्थनालय में श्रद्धा अर्पित की। कुछ क्षण मौन प्रार्थना के उपरान्त उन्होंने विश्व की ओर से चढ़ावे रूप में माँ मरियम के चरणों में सोने का एक गुलाब अर्पित किया।








All the contents on this site are copyrighted ©.