2017-01-26 15:30:00

भारत ने मनाया 68वाँ गणतंत्र दिवस


नई दिल्ली, बृहस्पतिवार, 26 जनवरी 2017 (एनडीटीवी): भारत आज अपना 68वाँ गणतंत्र दिवस मना रहा है। राजधानी एवं विभिन्न जगहों में भव्य परेड और अन्य कार्यक्रमों के साथ देश में संविधान की स्थापना की याद की जा रही है। नई दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है ताकि दुशमनों के किसी भी प्रकार के आक्रमण को रोका जा सके।

अबु धबी के राजकुमार शेक मोहम्मद बिन ज़ायेद एल नहयान इस वर्ष गणतंत्र दिवस हेतु परेड के मुख्य अतिथि हैं। नई दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात के सशस्त्र बलों की एक टुकड़ी ने भारतीय सशस्त्र बलों के साथ परेड में भाग लिया। भारतीय सेना, नौसेना, वायु सेना, और देश भर के कई हिस्सों से आये कलाकारों ने भी परेड में हिस्सा लिया।  

भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अन्य नेताओं ने इस अवसर पर देश वासियों का अभिवादन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।

भारत के राष्ट्रपति प्रणव मुखरजी ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या देश के सभी नागरिकों में आत्मविश्वास जगाते हुए कहा "प्यारे देशवासियों, भारत की सबसे अजेय सम्पत्ति है उसका खुद में विश्वास। हमारे लिए प्रत्येक चुनौती, अभूतपूर्व आर्थिक विकास और सामाजिक स्थिरता हासिल करने के हमारे सकंल्प को मजबूत बनाने का अवसर बन जाती है। इस संकल्प को, खासकर, बेहतर और व्यापक शिक्षा पर भारी निवेश के द्वारा, मजबूत बनाना होगा।″








All the contents on this site are copyrighted ©.