2017-01-11 16:10:00

वेनेजुएला के महाधर्माध्यक्ष देश की निराशापूर्ण स्थिति पर चिंतित


काराकास, बुधवार, 11 जनवरी 2017(वीआर सेदोक) : वर्ष 2016 में वेनेजुएला भयानक निराशापूर्ण परिस्थिति से गुजरा है।  सभी क्षेत्रों में इसे नकारात्मक परिणाम देखने को मिले।" उक्त बातें वर्ष के शुरु में काराकास में हो रहे वेनेजुएला के धर्माध्यक्षीय आम सभा को संबोधित करते हुए वेनेजुएला धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष दियेगो पद्रोन सानचेस ने कही।

2016 में वेनेजुएला को अनेक संकटों और बुराईयों का सामना करना पड़ा है। महाधर्माध्यक्ष पद्रोन ने अपने धर्माध्यक्ष भाईयों और कलीसिया को धन्यवाद दिया क्योंकि इतनी कठिन परिस्थिति में भी उन्होंने गरीबों और जरुरतमंदों तक पहुँचने में कोई कसर नहीं छोड़ी और दुनिया के सामने देश की वास्तविक स्थिति को प्रकट करने में यथार्थवादी दृष्टिकोण अपनाया।

भूख और कुपोषण, महामारी और दवाओं का कमी के कारण लगभग 29,000 लोगों की मौत, 120 से अधिक राजनीतिक कैदियों का अन्याय और अवैध रूप से हिरासत, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, निजी व्यवसायों और स्वतंत्र मीडिया के खिलाफ व्यवस्थित हमला, राष्ट्रीय विधानसभा द्वारा जारी किए गए निर्देशों को संवैधानिक विरोधियों द्वारा अनदेखा करने का प्रयास, सरकार द्वारा राष्ट्रीय मुद्रा को वापस लेने की धमकी से लोगों में भ्रम और भय आदि देश की कुछ बुराईयों को महाधर्माध्यक्ष ने सभा में उद्ध्रित किया।

महाधर्माध्यक्ष सांचेज ने राष्ट्रपति मादूरो और विरोधियों के बीच मध्यस्थता प्रदान करने के परमधर्मपीठ के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "देश के इतिहास में सरकार के गलत कार्यों के कारण आम जनता को इतना दुःख कभी भी उठाना नहीं पड़ा था।″   

महाधर्माध्यक्ष ने अपने संबोधन के अंत में राजनीतिक नेताओं से अपील की कि वे सरकारी अधिकारियों से मानवीय सहायता केंद्र खोलने की अनुमति मांगे जिसके तहत कारितास बहुत आवश्यक दवाओं और बुनियादी वस्तुओं को गरीब और बिमार लोगों के बीच वितरित कर सके।








All the contents on this site are copyrighted ©.