2016-12-27 11:52:00

ओडिशा के मुख्यमंत्री ने की भूबनेश्वर महागिरजाघर की भेंट


भूबनेश्वर, मंगलवार, 27 दिसम्बर 2016 (सेदोक): ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने क्रिसमस के उपलक्ष्य में भूबनेश्वर के महागिरजाघर की भेंट की। 22 दिसम्बर को उन्होंने सेन्ट विन्सेन्ट महागिरजाघर की भेंट कर ओडिशा राज्य के समस्त ख्रीस्तानुयायियों के प्रति क्रिसमस की शुभकामनाएँ व्यक्त की तथा उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया।

भूबनश्वर के महाधर्माध्यक्ष जॉन बरवा ने क्रिसमस समारोह का आयोजन किया था जिसमें मुख्यमंत्री सहित कई प्रशासनाधिकारी भी उपस्थित थे। इस समारोह में काथलिकों के अलावा अन्य ख्रीस्तीय सम्प्रदायों के लगभग डेढ़ हज़ार लोग उपस्थित हुए।

लगभग आठ वर्षों पूर्व ओडिशा में चली ख्रीस्तीय विरोधी हिंसा के उपरान्त यह पहला मौका था जब मुख्यमंत्री पटनायक ने काथलिक महागिरजाघर की भेंट की। उन्होंने ख्रीस्तीयों को सुरक्षा का आश्वासन देते हुए कहा, "ओडिशा ख्रीस्तीयों की उपस्थिति के प्रति सचेत है और प्रत्येक ख्रीस्तीय धर्मानुयायी की सुरक्षा के प्रति चिन्तित है।"

मुख्यमंत्री ने कहा, "क्रिसमस प्रेम का महोत्सव है, यह शांति और सुख का उपहार है। क्रिसमस खुशियाँ मनाने तथा अन्यों को खुशी प्रदान करने का समय है और साथ ही यह मनन-चिन्तन, प्रार्थना, शांति और मैत्री का त्यौहार है।"

उन्होंने इस बात पर बल दिया कि ओडिशा राज्य में लोग सामाजिक एवं सांस्कृतिक तौर पर मैत्रीपूर्ण ढंग से जीवन बिताते आयें हैं तथा सभी क्षेत्रों के लोगों के बीच सहयोग और समन्वय से इस परम्परा को कायम रखना अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री महोदय ने ओडिशा में काथलिक कलीसिया एवं अन्य ख्रीस्तीय सम्प्रदायों के कल्याणकारी कार्यों का भी स्मरण किया तथा उनकी निःस्वार्थ सेवाओं के लिये धन्यवाद अर्पित किया।  

इस अवसर पर महाधर्माध्यक्ष बरवा ने कहा, "ख्रीस्त जयन्ती शांति और प्रकाश का महापर्व है क्योंकि येसु शांति के राजकुमार हैं, उनके देहधारण का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति के हृदय को आनन्द और शांति से परिपूर्ण करना है।"








All the contents on this site are copyrighted ©.