2016-12-15 12:11:00

मानव प्रतिष्ठा की रक्षा के पक्ष में कार्डिनल आर्न्स के प्रयासों की सराहना


वाटिकन सिटी, गुरुवार, 15 दिसम्बर सन् 2016 (सेदोक): ब्राज़ील में साओ पाओलो के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष 95 वर्षीय कार्डिनल पाओलो एवारिस्तो आर्न्स का बुधवार को निधन हो गया। फेफड़ों एवं गुर्दे की तकलीफ़ के कारण वे कई माहों से बीमार थे।

सन् 1970 से लेकर 1998 तक कार्डिनल पाओलो एवारिस्तो आर्न्स साओ पाओलो के महाधर्माध्यक्ष रहे थे। लोगों के प्रति अपने सामीप्य के कारण वे अत्यधिक लोकप्रिय हो चले थे। ब्राज़ील में सन् 1964 से लेकर 1985 तक चली सैनिक तानाशाही का भी उन्होंने खुलकर विरोध किया था तथा लातीनी अमरीकी देशों में यातनाओं के प्रचलन को बन्द किये जाने का आह्वान किया था।

साओ पाओलो महाधर्मप्रान्त में कार्डिनल आर्न्स के नेतृत्व में गठित एक आयोग ने लातीनी अमरीकी देशों में जारी यातनाओं की कई घटनाओं को लिपिबद्ध किया था और बाद की सरकारों द्वारा प्रताड़ना के शिकार बने लोगों को मुआवज़ा तथा उत्पीड़न के लिये ज़िम्मेदार लोगों को दण्ड  दिलवाया था।

कार्डिनल आर्न्स के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए साओ पाओलो के वर्तमान महाधर्माध्यक्ष ओदिल्लो शेरर ने एक वकतव्य में कहा, "सन्त फ्राँसिस के पद चिन्हों पर व्यतीत कार्डिनल आर्न्स के जीवन तथा प्रत्येक मानव व्यक्ति की प्रतिष्ठा को बरकरार रखने के लिये उनके अथक प्रयासों हेतु हम प्रभु ईश्वर की प्रशंसा करें।"

कार्डिनल आर्न्स की अन्तयेष्टि साओ पाओलो के महागिरजाघर में सम्पन्न की जायेगी तथा वहीं उन्हें दफ़नाया जायेगा।

कार्डिनल पाओलो एवारिस्तो आर्न्स के निधन के बाद सार्वभौमिक काथलिक कलीसिया के कार्डिनल मण्डल में अब 227 कार्डिनल शेष रह गये हैं जिनमें 120 कार्डिनल 80 वर्ष की उम्र से कम हैं, अस्तु, भावी कलीसियाई परमाध्यक्ष के चुनाव में भाग लेने योग्य हैं। शेष 107 कार्डिनल 80 वर्ष की उम्र पार कर चुके हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.