2016-11-03 14:31:00

संत पापा ने सभी मृत विश्वासियों के लिए ख्रीस्तयाग अर्पित किया


रोम, बृहस्पतिवार, 3 नवम्बर 2016 (वीआर सेदोक): काथलिक कलीसिया में सभी मृत विश्वासियों की स्मृति दिवस 2 नवम्बर को, संत पापा फ्राँसिस ने रोम के प्रिमा पोरता स्थित कब्रस्थान में ख्रीस्तयाग अर्पित कर उनकी आत्मा की अनन्त शांति हेतु प्रार्थना की।

समाधि स्थल पर संत पापा के साथ ख्रीस्तयाग में हजारों विश्वासियों ने उपस्थित होकर अपने मृत प्रियजनों के लिए प्रार्थना चढ़ायी। ख्रीस्तयाग के पूर्व संत पापा ने कई क़ब्रों पर फूल अर्पित किया तथा मौन प्रार्थना की। 

अपने प्रवचन में संत पापा ने योब के शब्दों पर चिन्तन किया जिन्होंने कहा था, ″मैं जानता हूँ कि मेरा मुक्तिदाता जीवित है।″ उन्होंने कहा कि मृत विश्वासियों का स्मरण हमें दुःख, उदासी और आशा से भर देता है। एक समाधि स्थल उदासी भरा होता है क्योंकि यह हमें उन प्रियजनों की याद दिलाता है जो मर गये हैं, साथ ही साथ यह हमें भविष्य में हमारी मृत्यु की भी याद दिलाता है। इस दुःख के बावजूद हम फूल लेकर आते हैं जो आशा का प्रतीक है। हम इसे उत्सव का प्रतीक मान सकते हैं किन्तु अभी नहीं बाद में।

यही आशा हमें मदद करती है क्योंकि हम भी इस जीवन से अनन्त जीवन की यात्रा में आगे बढ़ रहे हैं। पुनरूत्थान पर हमारी आशा हमें कभी निराश नहीं होने देगी। 

वास्तव में येसु ने सबसे पहले खुद इस यात्रा को तय किया है, हम उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं जिसको उन्होंने दिखाया है। अपने क्रूस द्वारा येसु ने मुक्ति के द्वार को खोल दिया है। जहाँ हम ईश्वर का दर्शन कर पायेंगे। 

संत पापा ने प्रिमा पोरता के फ्रामिनियो कब्रस्थान पर ख्रीस्तयाग अर्पित किया जो रोम का सबसे बड़ा कब्रस्थान है।

कब्रस्थान से लौटने के बाद संत पापा ने संत पेत्रुस महागिरजाघर में स्थापित अपने सभी पूर्वाधिकारियों की कब्र पर व्यक्तिगत प्रार्थना की।








All the contents on this site are copyrighted ©.