2016-10-26 12:05:00

प्रेरक मोतीः सन्त एवारिस्तुस (निधन 105 ई.)


वाटिकन सिटी, 26 अक्टूबर सन् 2016:

सन्त एवारिस्तुस काथलिक कलीसिया के पाँचवे सन्त पापा थे। आरम्भिक सन्त पापाओं की तरह उन्होंने भी शहादत प्राप्त की थी तथा उन्हें वाटिकन में ही दफनाया गया था। इस बात के ऐतिहासिक प्रमाण मिलते हैं कि सन्त पापा एवारिस्तुस ने ही सर्वप्रथम रोम को विभिन्न पल्लियों में विभाजित किया था ताकि कलीसिया का संचालन सुचारु रूप से किया जा सके।

सन्त एवारिस्तुस का जन्म बेथलेहेम के यहूदिया में पहली शताब्दी में हुआ था। सन् 99 ई. से 107 ई. तक वे कलीसिया के परमाध्यक्ष पद पर थे। इन्हीं को अरिस्तुस भी कहा जाता है। लीबर पोन्टीफिकालिस के अनुसार, सन्त एवारिस्तुस ग्रीक यहूदी परिवार के थे। रोमी सम्राट दोमिशियन के शासन काल में उन्हें सन्त पापा नियुक्त किया गया था। यह ख्रीस्तीयों के उत्पीड़न का दूसरा दौर था।

कलीसियाई इतिहास के चतुर्थ अंग में यूसेबियुस प्रथम ने लिखा है कि रोमी सम्राट त्रायान के राज्यकाल के 12 वें साल में, आठ साल तक सन्त पापा पद पर रहने के उपरान्त एवारिस्तुस का निधन हो गया था। रोमी शहादतनामे के अनुसार, सन्त एवारिस्तुस का पर्व, 26 अक्टूबर को, मनाया जाता है।

चिन्तनः "धन्य हैं वे जो धार्मिकता के कारण अत्याचार सहते हैं, स्वर्गराज्य उन्हीं का है" (मत्ती 5: 10)








All the contents on this site are copyrighted ©.