2016-09-13 14:49:00

गुंटूर के भाग्याया चिन्नाबाथिनी का धर्माध्यक्षीय अभिषेक


गुंटूर, मंगलवार, 13 सितम्बर 2016 (ऊकान): गुंटूर के नए धर्माध्यक्ष के रूप में भाग्याया चिन्नाबाथिनी का धर्माध्यक्षीय अभिषेक समारोह शनिवार 10 सितम्बर को गुंटूर के धर्माध्यक्ष निवास में संपन्न किया गया।

नए धर्माध्यक्ष को गुंटूर के मध्य भाग में स्थित संत तेरेसा की प्रतिमा के पास से घोड़े की रथ में गाजे-बाजे के साथ जुलूस में समारोही स्थल तक लिया गया।

भारत और नेपाल के लिए प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष सलवातोरे पेन्नाक्कियो ने धर्माध्यक्षीय ख्रीस्तयाग समारोह का अनुष्ठान किया। ख्रीस्तयाग में अनेक धर्माध्यक्षों, सैंकड़ों की संख्या में पुरोहितों और धर्मप्रांत के ख्रीस्तीयों ने भाग लिया।

ख्रीस्तयाग समारोह के बाद सभी समुदायों के लोगों ने नए धर्माध्यक्ष का स्वागत करते हुए शुभकामनाएँ दीं। समारोह के अंत में वहाँ उपस्थित सभी लागों के लिए प्रीति भोज की व्यवस्था थी।

 धर्माध्यक्ष भाग्याया चिन्नाबाथिनी का जन्म 19 सितम्बर 1956 को मोताकोन्दूर यादगिरीगुट्टा मंडल में हुआ। उन्होंने वारांगल में लघुगुरुकुल की शिक्षा पूरी की तथा हैदराबाद के संत जोन्स गुरुकुल में दर्शनशास्त्र और ईशशास्त्र की पढ़ाई की। उन्होंने उस्मानिया विश्वविद्यालय, हैदराबाद से साहित्य में और अन्नामलाई विश्वविद्यालय, चेन्नई से शिक्षा के क्षेत्र में मास्टर की उपाधि हासिल की। उनका पुरोहिताभिषेक 3 मई 1983 को हुआ।

एक पुरोहित के रुप में धर्माध्यक्ष चिन्नाबाथिनी ने आंध्रप्रदेश, जर्मनी और इंग्लैंड की विभिन्न पल्लियों में अपनी सेवाएँ प्रदान की हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.