2016-08-24 16:13:00

भूकंप की चपेट में मध्य इटली


वाटिकन सिटी, बुधवार, 24 अगस्त 2016 (वीआर सेदोक) : मध्य इटली में रहनेवालों ने बुधवार सुबह स्थानीय समय अनुसार 3.30 बजे 6.4 तीव्रता के भूकंप झटके का अनुभव किया।

भूकंप प्रभावित इलाके उम्ब्रिआ और,लाजियो के क्षेत्र हैं सबसे ज्यादा प्रभावित शहर अमात्रिचे, अकुमोली और नोरचिया हैं। इसका केंद्र पेरूज़ा के नज़दीक नोरचिया शहर के पास ज़मीन के भीतर 10 किलोमीटर (छह मील) की बेहद कम गहराई पर था। भूकंप में कई गांव तबाह हो गए हैं कई इमारतें ढह गई हैं। अब तक के मिले समाचार अनुसार 73 लोग मारे गए और लगभग 115 लोग लापता हैं और माना जा रहा है कि इनमें से कई मलबे में फंसे हुए हैं।

 भूकंप क्षेत्र से 170 किलोमीटर दूर रोम में भी झटके महसूस किए गए, कुछ इमारतें 20 सेकंडस तक हिलती रहीं।

अमात्रिचे शहर के मेयर सरज़ो परोज़ी ने राइ टीवी को बताया, "शहर के अंदर और बाहर की सड़कें कट गईं हैं। आधा शहर ख़त्म हो चुका है। मलबे में लोग फंसे पड़े हैं... भूस्खलन हो रहा है और पुल ढह सकता है।"

उन्होंने कहा, "मलबे के नीचे से लोगों की आवाज़ें सुनी जा सकती है और लोगों को एक-एक करके बचाया जा रहा है।"

अकुमोली शहर के मेयर स्टेफ़ानो पेटरूची ने आरएआई टीवी को बताया कि शहर में एक परिवार के चार लोग मलबे में दबे पाए गए।

नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रमुख ने इस भूकंप की तुलना वर्ष 2009 में आक्विला क्षेत्र के भूकंप से की जिसमें 309 लोग मारे गए थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.