2016-07-18 16:40:00

बँगला देश के आतंकियों पर इटली के पुरोहित को गोली मारने का आरोप


वाटिकन सिटी, सोमवार, 18 जुलाई 2016 (सेदोक) बँगला देश के उत्तरी दीनाजपुर जिला ने शुक्रवार को इटली के 64 वर्षीय पुरोहित पियेरो पारोलारी को गोली मारने के आरोप में सात इस्लामिक आतंकियों पर आरोप तय किया है।

हत्या की जाँच कर रहे दीनाजपुर जिला के पुलिस अधिकारी बजलूर राशिद ने कहा कि सभी आरोपी स्थानीय प्रतिबंधित आतंकी संगठन जमातुल मुजाहिदीन के सदस्य हैं। उन्होंने ऊका समाचार को बतलाया, “कोर्ट ने सात लोगों के विरुद्ध आरोप पत्र स्वीकार किया है जिनमें चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है तथा बाकी तीन की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।”

ज्ञात हो की आतंकियों ने 18 नबम्बर 2015 को फादर पियेरो पारोलारी को उस वक्त गोलियों से छलनी कर दिया था जब वे साइकिल में सवार हो कर संत विन्सेट अस्पताल को जा रहे थे। इटली के फादर पियेरो एक चिकित्सक के रुप में विगत 30 सालों से बंगलादेश में प्रेरितिक कार्य कर रहे थे। वे शहर में स्थित पवित्र हृदय गिरजाघर का कार्यभार भी संभालते थे। घटना के बाद उनका उपचार स्थायी अस्पताल में हुआ और इसके बाद उन्हें बंगलादेश की राजधानी ढ़ाका ले जाया गया। फिलहाल वे इटली में रह रहे हैं।

दीनाजपुर के धर्माध्यक्ष सेबास्तियन टुडू ने ऊका समाचार को बतलाया, “बंगलादेश में संवैधानिक कार्यवाही एक लम्बी प्रक्रिया है लेकिन हम न्याय की आशा शीघ्र करते हैं क्योंकि कोर्ट ने आरोप पत्र स्वीकार किया है।” उन्होंने कहा कि उनकी चाह है कि यह घटना राजनीतिक लाभ का अंग न बने वरन् दोषी लोगों को उचित सजा मिले।

मुस्लिम बहुलक देश बंगलादेश सन 2013 से इस्लामिक आतंकियों के साये में है जिसके अन्तर्गत धर्मनिरपेक्ष ब्लॉगर्स, लेखक, विदेशी, अल्पसंख्यक धार्मिक लोगों के आलवे  दर्जनों लोग मारे गये हैं। इस्लामी आतंकियों की क्रूरतम घटनाओं में से एक 1 जुलाई 2016 की घटना है जब उन्होंने ढ़ाका में 20 बंधकों की निर्मम हत्या कर दी।








All the contents on this site are copyrighted ©.