2016-06-24 16:52:00

विभिन्न देशों के नाम संत पापा का तार संदेश


वाटिकन सिटी शुक्रवार, 24 जून 2016 (सेदोक) संत पापा फ्राँसिस ने आर्मेनिया की अपनी प्रेरितिक यात्रा के पूर्व 23 जून बृहस्पतिवार को रोम स्थित मरिया मेजर महागिराजघर में माता मरिया की प्रतिमा को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए प्रेरितिक यात्रा की सफलता हेतु प्रार्थना की।

वाटिकन संत मार्था के निवास में 24 जून शुक्रवार को संत पापा सुबह साढ़े आठ बजे आर्मेनिया की प्रेरितिक यात्रा हेतु अन्तराष्ट्रीय हवाई अड्डा फ्युमीचीनो को प्रस्थान किये। स्थानीय समय के अनुसार उन्होंने आर्मेनिया की प्रेरितिक यात्रा जो उनकी 14वीं प्रेरितिक यात्रा है सुबह के 9 बजे विमान आलइतालिया ए321 से उड़ान भरी। अपने चार घण्टे की हवाई यात्रा के दौरान उन्होंने हवाई मार्ग में पड़ने वाले विभिन्न देशों के राष्ट्रपतियों को अपना तार संदेश प्रेषित किया।

इटली के राष्ट्रपति  मात्तारेला सेर्जिओ के नाम अपने तार संदेश में संत पापा ने कहा कि आर्मेनिया की इस प्रेरितिक यात्रा का उद्देश्य लोगों में विश्वास, शांति और आपसी मेल-मिलाप की भावना को बढ़ावा देना है, मैं आप को और पूरे देश वासियों को अपनी शुभकामनाएँ देता हूँ ताकि हम सब विश्वास और आशा में एक दूसरे के साथ एकता में बने रहें।

गणराज्य क्रोएशिया के राष्ट्रपति के नाम अपने संदेश में संत पापा ने कहा कि आप के देश से गुजरते हुए मैं आप को और सभी देश वासियों को अपनी प्रार्थनाएँ अर्पित करता हूँ ईश्वर आप सबों को अपनी शांति और खुशी से भर दें।

बोस्निया हर्जेगोविना के राष्ट्रपति बाकीर इजेतबेगोविक के नाम संदेश में उन्होंने लिखा कि आपके देश से हवाई यात्रा करते हुए महामहिम मैं आप को और आपके देशवासियों को अपनी मित्रतापूर्ण शुभकामनाएँ अर्पित करता और सर्वशक्तिमान ईश्वर से विनय करता हूँ कि वे आप सभी को अपनी आशिष प्रदान करें।

मोंटेनेग्रो के राष्ट्रपति महामहिम फ़िलिप वुजानोविक को अपने संदेश में संत पापा ने कहा कि वे उनके देश हेतु दिव्य ईश्वर से निवेदन करते हैं कि वे उन्हें और देशवासियों को अपनी शांति और संपन्नता से भर दें।

गणराज्य सर्बिया के राष्ट्रपति तोमिस्लाव निकोलिक को अपने तार संदेश में संत पापा ने कहा कि ईश्वर उन्हें और पूरे देशवासियों को अपने दिव्य आशिष प्रदान करें।

गणराज्य बुल्गेरिया के राष्ट्रपति महामहिम रोजेन प्लेभीनेल्येभ को प्रेषित अपने तार संदेश में संत पापा ने कहा कि आपको और सभी देशवासियों को मेरा मैत्रीपूर्ण अभिवादन। मैं आप सबों के ऊपर ईश्वरीय दिव्य शांति और समृद्धि की कामना करना करता हूँ।

गणराज्य तुर्की के राष्ट्रपति महामहिम रिसेप तईप एरडोगन को संबोधित अपने संदेश में संत पापा ने कहा कि आप के देश से आर्मेनिया की प्रेरितिक यात्रा में गुजरते हुए मैं आप को और देश के सभी नागरिकों को शुभकामनाओं के साथ अपनी प्रार्थना अर्पित करता हूँ कि ईश्वर आपके देश को अपने सर्वोतम कृपादानों से भर दें। 








All the contents on this site are copyrighted ©.