2016-06-08 15:50:00

330 लाख लोग सूखे से प्रभावित, बारिश के लिए एक प्रार्थना : कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसियस


मुंबई, बुधवार, 8 जून 2016 (एशिया समाचार) : मुंबई के महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल ओसवाल्ड ग्रेसियस ने महाधर्मप्रांत के सभी पल्लियों में एक संदेश प्रेषित किया। जिसमें उन्होंने हर ख्रीस्तयाग के अंत में अच्छे मानसून के लिए विशेष प्रार्थना करने का आग्रह किया है।

उन्होंने लिखा है कि इस साल देश को भयानक सूखे का सामना करना पड़ रहा है। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा और विदर्भ जिले के लोगों की स्थिति बहुत ही खराब है। विशेष रूप से महिलाओं को पीने और धोने आदि के लिए पानी लाने के लिए मीलों पैदल चलना पड़ रहा है।

उन्होंने संदेश में कहा है कि पश्चिमी क्षेत्र समाज सेवा मंच द्वारा राहत कार्यों का आयोजन किया जा रहा है। मुम्बई महाधर्मप्रात के सामाजिक कार्य केंद्र की ओर से इस कार्य को समन्वित किया जाएगा। यह संकट हमें चेतावनी दे रहा है कि हम प्रकृति की उचित देखभाल का आवश्यकता को समझें। संत पापा फ्रांसिस ने भी अपने प्रेरितिक विश्व पत्र “लौदातो सी” में प्रकृति की रक्षा हेतु जरूरी अपील की है।

उन्होंने लिखा है कुछ साल पहले महाधर्मप्रात में इस के लिए एक वर्ष का लंबा अभियान चलाया था। हमें पानी के उचित इस्तेमाल,  ऊर्जा बचाने और प्रकृति की रक्षा के लिए फिर से एक बार सावधान होने और खुद को याद दिलाने की जरूरत है।

भारत में कम से कम 330 लाख लोग महीनों से भयंकर सूखे से प्रभावित हुए हैं। 40 सेंटीग्रेड से भी अधिक तापमान की वजह से ज्यादातर भारतीय कृषकों की स्थिति बहुत ही खराब है और उनका रोजगार संकट में है।

विशेषज्ञों के मुताबिक,  दो वर्षों से लगातार कम बारिश ने उच्च तापमान और सूखे को प्रभावित किया है। 2016 में अभी तक बहुत कम वर्षा हुई है और जल संसाधन अपने निम्नतम स्तर पर पहुंच गया है।

सूखे के कारण किसानों के बीच आत्महत्या की घटनाएँ लगातार बढ़ती जा रही हैं। महाराष्ट्र में 116 किसानों ने आत्महत्याएँ की हैं। करीब 28,000 गांवों में पानी की किल्लत है।

खेल मैदान तैयार करने के लिए पर्याप्त पानी के अभाव के कारण बंबई उच्च न्यायालय ने इंडियन प्रीमियर लीग को कहीं और स्थानांतरित करने का आदेश दिया है।








All the contents on this site are copyrighted ©.