2016-05-12 17:01:00

वसाई में आदिवासियों के लिए नये गिरजाघर का उद्घाटन


वसाई, बृहस्पतिवार, 12 मई 2016 (ऊकान): महाराष्ट्र के वसाई महाधर्मप्रांत में आदिवासियों के लिए एक नये गिरजाघर का उद्घाटन किया गया।

ईश माता मरियम को समर्पित इस नये गिरजाघर का उद्घाटन समारोह 30 अप्रैल को सम्पन्न हुआ जिसमें करीब तीन हज़ार विश्वासियों ने भाग लिया।

ख्रीस्तयाग का अनुष्ठान महाधर्माध्यक्ष फेलिक्स मचादो ने किया जिसमें उन्होंने 260 बच्चों को दृढ़ीकरण संस्कार भी प्रदान किया।

उन्होंने कहा, ″यह एक आनन्दमय समारोह था, हमारे आदिवासी भाई-बहनों का ख्रीस्तीय विश्वास मजबूत है और वे इसे कलीसिया के मिशन के लिए प्रयोग कर सकते हैं। युवा जिन्होंने दृढ़ीकरण संस्कार ग्रहण किया है वे कलीसिया के भावी नेता हैं।″ उन्होंने कहा कि गिरजाघर स्थानीय आदिवासी मिशन क्षेत्र के लिए अत्यन्त उपयोगी होगा।

तालासारी मिशन 150 साल पुराना है। महाधर्माध्यक्ष ने ऊका समाचार से कहा कि पल्ली मुख्य रूप से स्थानीय लोगों की शैक्षणिक विकास तथा सामाजिक पहुँच के द्वारा सशक्तिकरण करने का प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य सेवा को भी प्राथमिकता दी गयी है तथा सभी छोटे गाँवों में स्कूल की स्थापना की गयी है। वहाँ उच्च शिक्षा के लिए कई संस्थाओं का भी संचालन किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति को पहचान, सुरक्षा एवं प्रोत्साहन दी जा रही है। कलीसिया हमेशा नीचे तबक़े के लोगों, खोये हुए एवं उपेक्षित लोगों को सेवा देने के सिद्धांत को ध्यान में रखती है। वह गरीबों की मदद करने का प्रयास करती है। धर्मबहनें महिला सशक्तिकरण के कार्यों में संलग्न हैं तथा छात्रावास में बच्चों की देखभाल करती हैं।

महाधर्माध्यक्ष ने विश्वासियों को एक साथ प्रार्थना करने, विचार-विमर्श करने तथा आपसी भाईचारा में बढ़ने की सलाह दी।

 








All the contents on this site are copyrighted ©.