2016-03-29 12:03:00

मदर अनजेलिका के निधन पर बेनेडिक्ट 16 वें की प्रतिक्रिया


वाटिकन सिटी, मंगलवार, 29 मार्च 2016 (सीएनआ): इटरनल वर्ड टेलेविज़न न्यूज़ विश्वव्यापी  काथलिक टेलेविज़न नेटवर्क की संस्थापिका मदर अनजेलिका के निधन पर सेवानिवृत्त सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें ने कहा है कि पास्का महापर्व पर उनका निधन "ईश्वरीय वरदान है।" 

अमरीका के ओहाइयो में जन्मी सन्त क्लेयर को समर्पित धर्मसंघ की सदस्या मदर अनजेलिका ने आलाबामा में इटरनल वर्ड टेलेविज़न न्यूज़ चैनल की स्थापना की थी। यह न्यूज़ चैनल सम्पूर्ण विश्व का सर्वाधिक विशाल धार्मिक मीडिया नेटवर्क है। 27 मार्च को पास्का महापर्व के दिन ही मदर अनजेलिका का निधन हो गया था। वे 92 वर्ष की थी।

सन्त पापा बेनेडिक्ट 16 वें के वैयक्तिक सचिव महाधर्माध्यक्ष गेओर्ग गेन्सवाईन ने मदर अनजेलिका के विषय में उनकी टीका का ज़िक्र सीएनआ समाचार से किया।

मदर अनजेलिका के निधन पर सम्पूर्ण विश्व में श्रद्धान्जलियाँ अर्पित की गई।

वाटिकन स्थित सम्प्रेषण माध्यम सम्बन्धी परमधर्मपीठीय सच्चिवालय के अध्यक्ष मान्यवर दारियो विगानो ने मदर की आत्मा शांति हेतु प्रार्थनाओं का आश्वासन देते हुए कहा कि रोम में बहुत से पुरोहित, धर्मसंघी एवं लोकधर्मी मदर अनजेलिका को याद कर रहे हैं तथा उनके लिये प्रार्थना कर रहे हैं।

अमरीकी काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष महाधर्माध्यक्ष जोसफ कूर्ट्स ने कहा कि मदर अनजेलिका एक "असाधारण महिला, धर्मपरायण विश्वासी तथा मीडिया पथप्रदर्शक थीं।"

उन्होंने कहा, "मदर अनजेलिका के जीवन में सुसमाचार का यह आदेश प्रतिबिम्बित हुआ कि "जाओ और सब राष्ट्रों को शिष्य बनाओ" (मत्ती 28:19) तथा सर्वश्रेष्ठ सुसमाचार प्रचारकों के सदृश उन्होंने अपने युग के सम्प्रेषण माध्यम उपकरणों का उपयोग कर इस सुसमाचारी आदेश को साकार किया।"

महाधर्माध्यक्ष जोसफ कूर्ट्स ने कहा, "मदर अनजेलिका का धर्मसंघी जीवन एक छोटे से मठ में शुरु होकर सम्पूर्ण विश्व में छा गया। वे इस तथ्य का विश्वसनीय संकेत हैं कि विनम्र से विनम्र शुरुआत भी विपुल फल उत्पन्न कर सकती है।" 








All the contents on this site are copyrighted ©.