2016-03-23 12:21:00

अफ्रीका में शस्त्र व्यापार रोकने हेतु विश्व सघन करे प्रयास, परमधर्मपीठीय अधिकारी


न्यूयॉर्क, बुधवार, 23 मार्च 2016 (सेदोक): संयुक्त राष्ट्र संघीय सुरक्षा परिषद में सोमवार को राष्ट्रों के प्रतिनिधियों को सम्बोधित कर परमधर्मपीठ के स्थायी पर्यवेक्षक महाधर्माध्यक्ष बेरनारदीतो आऊज़ा ने कहा कि अफ्रीका में शस्त्र व्यापार को रोकने हेतु विश्व को अपने प्रयास सघन करने होंगे।

अफ्रीका के महान झील क्षेत्रों में व्याप्त सशस्त्र संघर्ष एवं अविकास की पृष्ठभूमि में महाधर्माध्यक्ष आऊज़ा ने कहा, "यदि एकता के विपरीत विभाजन, सबकी प्रतिष्ठा के सम्मान के बदले मानवाधिकारों का उल्लंघन तथा सभी के लिये मर्यादापूर्ण नौकरी के बजाय निपट निर्धनता जारी रही तो अफ्रीका के महान झील क्षेत्रों की जटिल समस्याओं का कोई समाधान नहीं मिल पायेगा।"

उन्होंने कहा, "लोगों की विविधता में मैत्री और सामंजस्य उत्पन्न करने के लिये एकता प्रमुख और अनिवार्य मूल्य है। एकता अन्यों का भय मिटाती तथा एक साथ काम करने की ऊर्जा प्रदान करती है। एकता, राजनैतिक दृष्टिकोणों एवं विभिन्न धार्मिक विश्वासों की बहुलता को मान्यता देती है। वह न्याय एवं एकात्मता को ख़तरे में डालनेवाले भ्रष्टाचार एवं लोभ को दूर रखती है।"

संयुक्त राष्ट्र संघ में परमधर्मपीठीय पर्यवेक्षक ने यह भी कहा कि अन्तरराष्ट्रीय समुदाय को वैध एवं अवैध शस्त्रों के व्यापार को नियंत्रण में रखने के लिये और अधिक प्रयास करने चाहिये। साथ ही, उन्होंने कहा कि स्थायी एवं वैधसंगत सरकारों की चुनाव प्रक्रियाओं को स्वतंत्र, विश्वसनीय एवं पारदर्शी हेना चाहिये ताकि लोग शस्त्रों की शरण न जायें।








All the contents on this site are copyrighted ©.