2016-03-05 15:18:00

यमन में हत्या के शिकार धर्मबहनों के प्रति, संत पापा का शोक संदेश


वाटिकन सिटी, शनिवार, 5 मार्च 2016 (वीआर सेदोक): संत पापा फ्राँसिस ने यमन में हत्या के शिकार चार मिशनरीस ऑफ चैरिटी की धर्मबहनों एवं बारह अन्य लोगों के प्रति गहन शोक व्यक्त किया है।

वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पीयेत्रो परोलिन ने संत पापा की ओर से एक पत्र प्रेषित करते हुए कहा, ″यमन के वृद्धाश्रम में मिशनरीस ऑफ चैरीटी की चार धर्मबहनों एवं 12 अन्य लोगों की हत्या की खबर सुन संत पापा फ्राँसिस अत्यन्त दुःखी हैं। वे मृतकों की आत्मा शांति हेतु प्रार्थना का आश्वासन देते तथा उनके प्रियजनों एवं इस मूर्खतापूर्ण कार्य से प्रभावित सभी लोगों को अपना आध्यात्मिक सामीप्य प्रदान करते हैं।″

उन्होंने लिखा कि संत पापा प्रार्थना करते हैं कि हत्यारों का मन-परिवर्तन हो और उस दल के सभी लोग ईश्वर से प्रेरित होकर हथियार का परित्याग करें एवं वार्ता का पथ अपनायें। ईश्वर के नाम से संत पापा, संघर्ष के जिम्मेदार सभी दलों से अपील करते हैं कि वे हिंसा छोड़ दें तथा यमन के लोगों के प्रति अपने समर्पण को नवीकृत करें, विशेषकर, उन असहाय लोगों के प्रति जिनकी सेवा हेतु धर्मबहनें बुलायी गयी थी। इस हिंसा द्वारा पीड़ित सभी लोगों पर संत पापा ईश्वरीय आशीर्वाद की कामना करते हैं तथा मिशनरीस ऑफ चैरिटी की धर्मबहनों के प्रति अपनी विशेष सहानुभूति एवं प्रार्थना अर्पित करते हैं। 








All the contents on this site are copyrighted ©.