2016-01-13 10:19:00

विश्वासियों की प्रार्थना कलीसिया में लाती है परिवर्तन और विकास


वाटिकन सिटी, बुधवार, 13 जनवरी 2016 (सेदोक): सन्त पापा फ्राँसिस ने कहा है कि विश्वासियों की प्रार्थना ही कलीसिया में परिवर्तन और विकास को सम्भव बनाती हैं।

वाटिकन स्थित सन्त मर्था प्रेरितिक आवास के प्रार्थनालय में मंगलवार को ख्रीस्तायग के अवसर पर सन्त पापा ने बाईबिल धर्मग्रन्थ में निहित सामुएल के ग्रन्थ से लिये हन्ना की प्रार्थना पर चिन्तन किया। इस पाठ में याजक ऐली अपने सिंहासन पर विराजमान हन्ना की प्रार्थना पर ध्यान नहीं देता और उसपर सतही टीका करता है जबकि हन्ना आँसू बहाकर प्रभु से सन्तान प्राप्ति प्रार्थना करती है।

सन्त पापा ने कहा, "हन्ना अपने हृदय से प्रार्थना में लीन थी, उनके अधर हिल रहे थे किन्तु आवाज़ सुनी नहीं जा सकती थी। यह उनके साहस का प्रमाण है जो अपने दुःख में पूरे विश्वास के साथ वह प्रभु से कृपा की याचना कर रही थी।"

सन्त पापा ने कहा, "कलीसिया में ऐसी बहुत सी महिलाएँ हैं जो पूरे विश्वास और भरोसे के साथ प्रार्थना करती तथा कलीसिया को आगे बढ़ने का सम्बल प्रदान करती हैं। महान सन्त मोनिका के विषय में सोचें जिन्होंने अपने आँसुओं से अपने बेटे सन्त अगस्टीन के मनपरिवर्तन की कृपा अर्जित की थी।" 

याजक ऐली के विषय में सन्त पापा ने कहा कि आज भी कई पुरोहित ऐसे हैं जो विश्वासियों की प्रार्थनाओं की उपेक्षा कर देते हैं तथा उनके अन्तर में व्याप्त भावों पर ध्यान नहीं देते। उन्होंने कहा ये पुरोहित अकिंचन हैं, निर्धन हैं क्योंकि ये अन्यों का न्याय करना तो जानते हैं किन्तु उनका सम्मान करना नहीं जानते।

बोएनोस आयरस के एक व्यक्ति का उदाहरण देते हुए सन्त पापा ने बताया कि वह व्यक्ति अपनी नौ वर्षीया मरणासन्न बालिका स्वास्थ्य लाभ के लिये अस्पताल के बाहर कुँवारी मरियम की प्रतिमा के नीचे रात भर प्रार्थना करता रहा था। भोर होते ही जब उसने अस्पताल में प्रवेश किया तब उसे पता चला की उसकी बच्ची पूरी तरह चंगी हो चुकी थी। सन्त पापा ने कहा, "प्रार्थना से चमत्कार होते हैं, ख्रीस्तीय विश्वासियों के लिये प्रार्थना चमत्कार करती है, चाहे वे लोकधर्मी हों, धर्मसंघी अथवा धर्मसमाजी ही क्यों न हों। हम परमाध्यक्ष, धर्माध्यक्ष, पुरोहित और धर्मबहनें नहीं अपितु विश्वासियों की प्रार्थना कलीसिया में परिवर्तन लाती तथा उसके विकास को सम्भव बनाती है।"

 








All the contents on this site are copyrighted ©.