2016-01-09 16:50:00

कलीसिया द्वारा मिसौरी बाढ़ पीड़ितों की मदद


सेंट लुईस, शनिवार, 9 जनवरी 2016 (सीएनए): सेंट लुईस के महाधर्माध्यक्ष रोबर्ट जे. चार्ल्स ने मिसौरी में बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद हेतु प्रार्थना तथा अनुदान राशि प्रदान किया।

उन्होंने 7 जनवरी को कहा, ″मैं हमारे राज्य एवं शहर में बाढ़ से पीड़ित लोगों के लिए बड़े विश्वास के साथ प्रार्थना कर रहा हूँ। जैसा कि हमारे क्षेत्र में बाढ़ का जल स्तर सबसे ऊँचा है विनाश का अनुपात भी बहुत ज्यादा हैं तथा लोगों के बीच समस्या भी अत्यधिक बढ़ गया है।″

विदित हो कि 26 दिसम्बर को शुरू होकर लगातार तीन दिनों की बारिश के कारण आये बाढ़ से मिसौरी में 15 तथा इलीनोईस में 10 लोगों की मृत्यु हो गयी जबकि हजारों लोगों को घर छोड़ अन्यत्र शरण लेना पड़ा।

महाधर्माध्यक्ष ने कहा कि हम उन लोगों के लिए शोक करते हैं जिन्होंने अपना जीवन गँवा दिया है। हम जानते हैं कि कई घर नष्ट हो चुके हैं। जीविका के धंधे बर्बाद हो चुके हैं जिनके मरम्मत के लिए बहुत खर्च करने पड़ेंगे।

उन्होंने घोषणा की कि महाधर्मप्रांत के सभी पल्लियों को निर्देश दिया गया है कि वे 16 से 17 जनवरी तक खास सहायता राशि जमा करें जिसके द्वारा सेंट लुईस की बाढ़ पीड़ित काथलिकों की मदद की जा सके।    

उन्होंने कहा कि मैं प्रण करता हूँ कि काथलिक कलीसिया प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की मदद तब तक करती रहेगी जब तक कि उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति न हो जाए क्योंकि एक काथलिक के रूप में यह हमारा कर्तव्य है, विशेषकर, करुणा की जयन्ती वर्ष में।








All the contents on this site are copyrighted ©.