2015-12-29 15:43:00

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री ने क्रिसमस समारोह में हिस्सा लिया


विजयवाड़ा, मंगलवार, 29 दिसम्बर 2015 (एशियान्यूज़): आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नाईडू ने ख्रीस्तीय समुदाय के साथ अपनी करीबी का परिचय देते हुए ख्रीस्त जयन्ती समारोह में हिस्सा लिया।

एशियान्यूज़ के अनुसार मुख्यमंत्री ने 25 दिसम्बर को विजयवाड़ा के गुनादाला मेरी माता मरियम तीर्थ जाकर ख्रीस्त जयन्ती मिस्सा में भाग लिया।

24 दिसम्बर को उन्होंने ख्रीस्तीय समुदाय को ख्रीस्त जयन्ती की शुभकामनाएँ अर्पित की थी जिसमें उन्होंने त्यौहार में शामिल होने की जानकारी दी थी। अपने शुभकामना संदेश में उन्होंने येसु को शांति का राजकुमार कहा था तथा उनकी प्रशंसा करते हुए शांति एवं न्याय तथा गरीबों का समर्थन करने वाले ईश पुत्र के विचारों की सराहना की थी।

ख्रीस्त जयन्ती समारोह के दौरान उन्होंने मरियम तीर्थ को राष्ट्रीय स्थल बनाने तथा विश्व के विश्वासियों को समायोजित करने की योजना को पूर्ण समर्थन देने की घोषणा की। उन्होंने कहा, ″इसके द्वारा राज्य की राजधानी की महान प्रगति और विकास सुनिश्चित है।″

ख्रीस्तयाग के उपरांत मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नाईडू ने मरियम तीर्थ के संचालक फादर चिन्नापा के साथ केक काट कर त्यौहार का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वे ग़रीबों एवं हाशिये पर जीवन यापन कर रहे लोगों का विशेष ख्याल रखेंगे। उन्होंने राज्य के सभी गिरजाघरों को नवीकरण कार्यक्रम का लाभ प्राप्त करने का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कलीसिया के धर्मगुरूओं से आग्रह किया कि वे स्कूलों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता को बनाये रखकर शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

विदित हो कि ख्रीस्त जयन्ती समारोह में सैकड़ों विश्वासियों ने भाग लेकर मरियम तीर्थ एवं अन्य गिरजाघरों का दर्शन किया।

ख्रीस्त जयन्ती का मुख्य संदेश है देश में आपसी एकता एवं उदारता बनाये रखना, जहाँ अकसर चरमपंथी गतिविधियों द्वारा ख्रीस्तीयों एवं अन्य अल्संख्यकों पर आक्रमण होते रहते हैं। 








All the contents on this site are copyrighted ©.