2015-10-30 16:16:00

‘चेलम’ की 60 वीं जयन्ती पर संत पापा का संदेश


वाटिकन सिटी, शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2015 (वीआर सेदोक): लातिनी अमरीका के धर्माध्यक्षीय सम्मेलन (चेलम) की 60 वीं जयन्ती पर संत पापा फ्राँसिस ने एक संदेश प्रेषित कर उन्हें शुभकामनाएँ अर्पित की।

वाटिकन सूत्रों के अनुसार 12 अक्टूबर को लिखे पत्र में उन्होंने कहा है, ″लातिनी अमरीका के धर्माध्यक्षीय सम्मेलन की 60 वीं जयन्ती पर, मैं उन सभी अच्छी बातों के लिए धन्यवाद की प्रार्थना में आप सभी के साथ शामिल होना चाहता हूँ जिसके द्वारा लातिनी अमरीका की ईश्वर की कलीसिया में सेवा का फल उत्पन्न हुआ है।″

उन्होंने शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि जिस तरह चेलम अपने आरम्भिक मिशन में उत्साह पूर्वक प्रेरिताई को आगे बढ़ाया है भविष्य में भी सुसमाचार प्रचार हेतु सभी क्षेत्रों एवं सीमाओं की ओर आगे बढ़ सके।

उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण है कि ‘हमारा समुदाय एकता का घर एवं स्कूल है’ जो हमें लोगों के प्रति उत्साह को सजीव बनाये रखता, उनके दुःखों को समझने की शक्ति प्रदान करता तथा समानता, शांति एवं न्याय के मार्ग को खोलने हेतु ताकत प्रदान करता है।

संत पापा ने सभी धर्माध्यक्षों के लिए अमरीका की संरक्षिका ग्वादालुपे की माता मरिया से प्रार्थना की कि उनकी मध्यस्थता द्वारा प्रभु येसु कलीसिया में नये तथा उत्साही शिष्यों को प्रेरित करे तथा देश में शांति एवं न्याय के निर्माण हेतु साहसी लोगों को उत्पन्न करे।








All the contents on this site are copyrighted ©.