2015-10-19 12:37:00

मैसूरः मान्ड्या के नये धर्माध्यक्ष का अभिषेक


मैसूर, सोमवार, 19 अक्टूबर 2015 (ऊका समाचार): कर्नाटक के मान्ड्या में सिरो मलाबार काथलिक कलीसिया के दूसरे धर्माध्यक्ष मार एन्थोनी कारीईल के धर्माध्यक्षीय अभिषेक समारोह में रविवार को लगभग 35 धर्माध्यक्ष एवं सामाजिक एवं राजनैतिक क्षेत्रों के अनेक गणमान्य लोगों ने भाग लिया।

मैसूर में बालक येसु को समर्पित महागिरजाघर में महाधर्माध्यक्ष मार जॉर्ज नजारालक्क्ट के नेतृत्व में अभिषेक समारोह सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर अर्पित ख्रीस्तयाग में भारत में परमधर्मपीठ के प्रेरितिक राजदूत महाधर्माध्यक्ष साल्वातोर पेन्नाखियो तथा बैंगलोर के महाधर्माध्यक्ष बर्नार्ड मोरास ने भी सहभाग लिया।

केरल एवं कर्नाटक राज्य के राजनीतिज्ञों, बुद्धिजीवियों एवं समाज कार्यकर्त्ताओं के अलावा अभिषेक समारोह में लगभग 5,000 श्रद्धालु उपस्थित हुए।

अगस्त माह में मान्ड्या के नये धर्माध्यक्ष एन्थोनी कारीईल की नियुक्ति की घोषणा की गई थी। धर्माध्यक्ष एन्थोनी, मान्ड्या के प्रथम धर्माध्यक्ष जॉर्ज नजारालक्कट का स्थान लेंगे जिन्हें विगत वर्ष थालास्सेरी का महाधर्माध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया था।

अपनी नियुक्ति से पूर्व धर्माध्यक्ष एन्थोनी कारीईल राजागिरी स्कूल ऑफ इन्जिनियरिंग एवं टैकनॉलोजी के निर्देशक पद पर सेवा करते रहे थे। 








All the contents on this site are copyrighted ©.