2015-10-13 12:54:00

परमधर्मपीठीय राजदूत ने किया झाबुआ के धर्माध्यक्ष का अभिषेक


झाबुआ, मंगलवार, 13 अक्टूबर 2015 (ऊका समाचार): भारत में सेवारत परमधर्मपीठीय राजदूत वाटिकन के महाधर्माध्यक्ष साल्वातोरे पेन्नाखियो ने झाबुआ में रविवार को दिव्य शब्द धर्मसमाज के पुरोहित फादर बेज़िल भूरिया का धर्माध्यक्षीय अभिषेक सम्पन्न किया।

मध्यप्रदेश के झाबुआ धर्मप्रान्त के नवनियुक्त धर्माध्यक्ष बेज़िल के अभिषेक समारोह में भोपाल के महाधर्माध्यक्ष लियो कॉरनेलियो तथा नागपुर के महाधर्माध्यक्ष अब्राहम विरूथाकुलंगरा सहित 15 धर्माध्यक्ष, लगभग 300 पुरोहित एवं 100 धर्मसंघी तथा 3000 से अधिक लोकधर्मी विश्वासी एकत्र हुए थे।

धर्माध्यक्षीय अभिषेक के अवसर पर अर्पित ख्रीस्तयाग के दौरान फादर बेज़िल भूरिया को झाबुआ के नये धर्माध्यक्ष नियुक्त किये जाने से सम्बन्धित सन्त पापा का आदेश पत्र पढ़ा गया।

ख्रीस्तयाग प्रवचन में महाधर्माध्यक्ष पेन्नाखियो ने कहा, "प्रभु ने फादर बेज़िल को ईश राज्य में निर्धनों से प्रेम करने एवं उनकी सेवा के लिये भेजा है। हम सबको अपने आप से बाहर निकलकर हर्षोल्लास के साथ निर्धनों की सेवा के लिये आगे आना है।"

उन्होंने कहा, "धर्माध्यक्ष का दायित्व शासन करना अथवा अपना यश खोजना नहीं है अपितु ख्रीस्त के सेवक होने के नाते लोगों की जी जान से सेवा करना है।"

महाधर्माध्यक्ष पेन्नाखियों ने झाबुआ धर्मप्रान्त के पुरोहितों से भी आग्रह किया कि वे अपने नये धर्माध्यक्ष का स्वागत करें एवं उन्हें समर्थन दें। उन्होंने कहा, "पुरोहितों को सहभागिता एवं आज्ञाकरिता की भावना से परिपूरित होकर, अपने धर्माध्यक्ष के मार्गदर्शन में, अपने सभी प्रेरितिक कार्यों का निर्वाह करना चाहिये।"  








All the contents on this site are copyrighted ©.