2015-09-05 16:02:00

ईंट भट्ठे के मजदूर पर ईश निंदा का आरोप


कराँची, शनिवार, 5 सितम्बर 2015 (ऊकान): पाकिस्तान के एक ईंट भट्ठे में काम करने वाले मजदूर परवेज़ मसीह पर ईश निंदा का आरोप लगाया गया है।

40 वर्षीय परवेज़ पर आरोप है कि उसने पैगंबर मोहम्मद के बारे में अपमानजनक टिप्पणी की है।

2 सितम्बर को अपने मुस्लिम ठेकेदार द्वारा आरोप दर्ज कराये जाने पर उसे गर्रेवाला स्थित अपने आवास से गिरफ्तार कर लिया गया है।

परवेज़ मसीह की रिश्तेदार शामून मसीह का कहना है कि सज़ा उसे इसलिए दी जा रही है क्योंकि उसने अपनी मजदूरी की मांग की।

उन्होंने ऊका समाचार से कहा, ″परवेज़ एवं काम करने वाले एक अन्य मुसलमान का ठेकेदार के साथ मजदूरी को लेकर झगड़ा था। ठेकेदार ने निर्धारित मजदूरी नहीं दी थी जिसके कारण दोनों पक्षों में विवाद हो गया।″

मानव अधिकार कार्यकर्ता तथा वकील सरदार मुश्ताक़ गिल ने कहा कि पुलिस ने परवेज़ के विरूद्ध  ईश निंदा कानून धारा 295-सी के खिलाफ केस दर्ज किया है जो पैगम्बर का अपमान करने वालों पर लागू होता है जिसके दोषी का अधिकतम दण्ड है मृत्यु।

कानूनी सहायता के राष्ट्रीय निर्देशन जोसेफ फ्राँसिस ने कहा, ″हमें जानकारी मिली है कि कुछ ख्रीस्तीय परिवार संभावित भीड़ की हिंसा के भय से गाँव छोड़ चुके हैं किन्तु एक बड़ा सैन्यदल अल्पसंख्यकों की मदद के लिए तैनात किया गया है।

आलोचकों का कहना है कि व्यक्तिगत झगड़ों एवं प्रतिशोध के लिए इस कानून का दुरुपयोग किया जा रहा है। बहुधा ख्रीस्तीय इस कानून के शिकार बन रहे हैं।

पाकिस्तान काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के न्याय एवं शांति विभाग के राष्ट्रीय निर्देशक फादर एम्मानवेल योसेफ मानी ने परवेज़ की गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की है।

उन्होंने कहा, ″इस्लाम अथवा किसी अन्य धर्म या धर्मात्माओं के अनादर की बात हम सोच भी नहीं सकते। धर्मों का सम्मान करना हमारी शिक्षा का हिस्सा है। मृत्यु दण्ड मिलने वाला अपराध कोई कैसे कर सकता है?″ 

परवेज़ एक गरीब मजदूर है जिसके चार बच्चे हैं तथा पत्नी की हालत भी कमजोर है। परवेज़ मसीह के रिश्तेदार ने बतलाया कि उनका परिवार इस सज़ा से बहुत दुःखी है। 








All the contents on this site are copyrighted ©.