2015-06-26 16:27:00

गुजरात में बाढ़ से 70 की मौत, राहत कार्य जारी


अहमदाबाद, शुक्रवार  26 जून, 2015 (बीबीसी) गुजरात में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 70 हो गई है. गुजरात सरकार के एक प्रवक्ता ने कहा है कि बाढ़ से बड़े पैमाने पर नुक़सान हुआ है।

भारत सरकार ने बाढ़ प्रभावित इलाक़ों में बड़े पैमाने पर राहत और बचाव कार्य का अभियान चलाया है। स्वास्थ्य मंत्री नितिन पटेल ने गुजरात में बाढ़ से 70 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। राज्य सरकार ने बाढ़ में मारे गए लोगों के परिजनों को चार राख रुपए का मुआवज़ा देने का ऐलान किया है।

पटेल के मुताबिक़, तक़रीबन एक लाख वर्ग हैक्टेयर में फ़सल बर्बाद हुई है. उन्होंने कहा कि बाढ़ की वजह से बड़े पैमाने पर नुक़सान हुआ है।

रक्षा मंत्रालय के मुख्य प्रवक्ता सितांशु कार ने ट्वीट कर बताया कि बचाव अभियान में छह एमआई-17 हेलीकॉप्टर्स ने 23 बार उड़ानें भरीं।

उन्होंने बताया कि लगभग छह टन खाने-पीने का सामान बाढ़ पीड़ितों के बीच बांटा गया है। कार ने कहा है कि जामनगर के एयर फ़ोर्स स्टेशन से लगातार दो दिनों तक राहत कार्य किया गया।

अमरेली ज़िले के खारी और गवदका इलाकों से 87 लोगों को निकाला गया और वहां खाने-पीने की चीजें दी गई। मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने कई बाढ़ प्रभावित इलाकों का मुआयना किया है।

दूसरी ओर, कांग्रेस के नेता अहमद पटेल ने ट्वीट कर गुजरात में बाढ़ से हुई मौतों पर गहरा शोक जताया है।

उन्होंने कहा कि कई जगहों पर लाखों लोग फंसे हुए हैं और उम्मीद है कि राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों की भरपूर मदद करेगी।


 








All the contents on this site are copyrighted ©.