2015-06-25 15:18:00

सि. निर्मला की दफन क्रिया सम्पन्न


कोलकाता, बृहस्पतिवार, 25 जून 2015 (ऊकान)꞉ कोलकाता स्थित मिशनरीस ऑफ चैरिटी के मूल मठ में हज़ारों लोगों ने 24 जून को नम आँखों से धर्मसंघ की पूर्व अध्यक्षा सि. निर्मला के समर्पण एवं साहस का स्मरण करते हुए उनकी दफन क्रिया सम्पन्न की।

धार्मिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से अनेक नेताओं तथा ग़रीबों ने सि. निर्मला के अंतिम संस्कार में भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के महासचिव फादर जोसेफ चेन्नायन ने देश के लिए उनकी सेवा का स्मरण करते हुए भारत के पूरे काथलिक समुदाय की ओर से श्रद्धांजलि अर्पित की।

कोलकाता के महाधर्माध्यक्ष थॉमस डी सूजा ने अंतिम संस्कार का अनुष्ठान किया तथा उन्होंने सि. निर्मला की गहन आध्यत्मिकता तथा ग़रीबों एवं जरूरतमंद लोगों के प्रति उनके प्रेम का स्मरण किया।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्य मंत्री ममता बनर्जी ने उनके मिलनसार स्वाभान की सराहना की उन्होंने कहा, ″सि. निर्मला के चेहरे पर सदा मुस्कुराहट होती थी। शारीरिक रूप से हमने उन्हें खो दिया है किन्तु अपने आदर्शों एवं विचारों के माध्यम से वे सदा हमारे साथ रहेंगी।″

मिशनरीस ऑफ चैरीटी की वर्तमान मदर जेनेरल सि.  प्रेमा ने कहा, ″उन्होंने प्रेम एवं करूणा के संदेश को उन सभी लोगों को दिया जिनके साथ उन्होंने मुलाकात की। उन्होंने सभी का स्वागत किया।″

हर प्रकार की भेद भावना को तोड़ते हुए विभिन्न धर्मों के लोगों ने उनके पार्थिव शरीर का दर्शन किया।

शारीरिक रूप से विकलांग एक व्यक्ति ने सि. निर्मला की कब्र का चुम्बन करते हुए कहा, ″सि. निर्मला चली गयीं किन्तु आशा करता हूँ कि अन्य धर्मबहनें उनके आदर्शों पर चलकर गरीबों के प्रति भलाई के कार्यों को जारी रखेंगी।″ 

 








All the contents on this site are copyrighted ©.