2015-05-26 12:03:00

गोआः 450 वर्ष प्राचीन गिरजाघर को मिला विशेष डाक कवर


गोआ, मंगलवार, 26 मई 2015 (ऊका समाचार): गोआ के मडगाँव में पवित्रआत्मा को समर्पित प्राचीन होली स्पिरिट गिरजाघर की 450 वीँ वर्षगाँठ के उपलक्ष्य में, 24 मई को, एक विशेष स्मारक डाक कवर शुरु किया गया।  

उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति यूरीको संताना दा सिल्वा ने गोवा पोस्टमास्टर जनरल चार्ल्स लोबो की उपस्थिति में गिरजाघर के वार्षिक समारोह के अवसर पर डाक कवर का शुभारंभ किया। इस समारोह में मडगांव के सांकाय अध्यक्ष फादर कार्मो मार्टिंस, पल्ली पुरोहित फादर अविनाश रिबेल्लो एवं अन्य पुरोहित उपस्थित थे। समारोह में एक प्रतीकात्मक कपोत और सफेद गुब्बारों को मुक्त किया गया।

गोवा पोस्टमास्टर जनरल चार्ल्स लोबो ने इस बात पर अत्यन्त प्रसन्नता व्यक्त की अब यह विशेष डाक कवर सम्पूर्ण विश्व की टिकट संग्रह प्रदर्शनियों में चित्रित किया जाएगा।

समारोह में अतिथियों का स्वागत करते हुए पल्ली पुरोहित फादर रिबेल्लो ने गिरजाघर के इतिहास पर प्रकाश डाला जिसका निर्माण 16 वीं शताब्दी में येसु धर्मसमाजियों ने करवाया था। आज पवित्रआत्मा को समर्पित मडगाँव का होली स्पिरिट गिरजाघर गोआ का सर्वाधिक विशाल गिरजाघर है जिससे लगभग 15,000 काथलिक धर्मानुयायी तथा 3,500 परिवार संलग्न हैं।

फादर रिबेल्लो ने पल्ली वासियों से अनुरोध किया कि वे गिरजाघर द्वारा संचालित ख्रीस्तयाग समारोहों, प्रार्थना सभाओं और साथ ही अन्तरधार्मिक सम्वाद शिविरों तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर पल्ली जीवन में सक्रिय भूमिका निभायें।  








All the contents on this site are copyrighted ©.