2015-05-25 12:19:00

अपहृत पुरोहित फादर मुराद का कोई समाचार नहीं, परमधर्मपीठीय राजदूत


दमिश्क, सोमवार, 25 मई 2015 (एशिया न्यूज़): सिरिया में परमधर्मपीठ के राजदूत महाधर्माध्यक्ष मारियो ज़ेन्नारी ने इस बात पर गहन चिन्ता व्यक्त की है कि होम्स धर्मक्षेत्र के काथलिक पुरोहित फादर जैक मुराद के बारे में उन्हें अब तक कुछ पता नहीं चला है।

गुरुवार को होम्स के एक मठ से फादर मुराद का अपहरण कर लिया गया था। फादर के साथ काम करनेवाले एक युवक को भी बन्धक बना लिया गया है।

महाधर्माध्यक्ष ज़ेन्नारी ने कहा कि अपहरण किसने किया है इसपर कुछ नहीं कहा जा सकता। ये इस्लामी चरमपंथी हो सकते हैं, आतंकवादी हो सकते हैं या फिर आई एस दल के सदस्य हो सकते हैं या फिर सामान्य अपराधी भी हो सकते हैं।  

उन्होंने कहा, "उक्त दलों में से किसी का भी यह कृत्य हो सकता है इसलिये मामले पर कार्रवाई अत्यन्त गम्भीर प्रश्न है, क्योंकि हम नहीं जानते कि किससे बात की जाये।"

महाधर्माध्यक्ष ज़ेन्नारी ने बताया कि होम्स के प्रधान पुरोहित, प्राधिधर्माध्यक्ष तथा मार मूसा समुदाय ने अपहरणकर्त्ताओं से सम्पर्क करने का हर सम्भव प्रयास किया है किन्तु अब तक कोई सफलता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि फादर मुराद एक बहुत ही अच्छे इन्सान एवं पुरोहित हैं जिन्होंने सदैव लोगों की सेवा पर ध्यान दिया है। 

महाधर्माध्यक्ष ज़ेन्नारी ने इस बात की ओर भी ध्यान आकर्षित कराया कि विगत चार वर्षों में, सिरिया में, दो धर्माध्यक्ष एवं चार पुरोहित ग़ायब हो गये हैं। इनके अतिरिक्त, लगभग 20,000 व्यक्ति लापता हैं। मारे गये 2,20,000 लोगों में चार काथलिक पुरोहित शामिल हैं।  

इस बीच, रविवार को मीडिया में आई ख़बरों के अनुसार सिरिया के ऐतिहासिक नगर पल्मीरा में घुसने के बाद से आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) के आतंकवादियों ने 400 लोगों की हत्या कर दी है।








All the contents on this site are copyrighted ©.