2015-04-18 12:19:00

कार्डिनल रोबेर्तो तुच्ची का अंतिम संस्कार


वाटिकन सिटी, शनिवार, 18 अप्रैल 2015 (वीआर अंग्रेजी)꞉ वाटिकन रेडियो के पूर्व महानिर्देशक  एवं वाटिकन के वारिष्ठ कार्डिनल रोबेर्तो तुच्ची का अंतिम संस्कार शुक्रवार 17 अप्रैल को संत पेत्रुस महागिरजाघर में सम्पन्न हुआ। पावन ख्रीस्तयाग के अंत में संत पापा फ्राँसिस ने अंतिम संस्कार की धर्मविधि पूरी की।

कार्डिनल मण्डल के डीन कार्डिनल आंजेलो सोदानों ने अंतिम संस्कार हेतु मिस्सा बलिदान का अनुष्ठान किया। उन्होंने प्रवचन में प्रकाशना ग्रंथ से लिए गये पाठ पर प्रकाश डाला जिसमें प्रेरित संत योहन को स्वर्ग से एक वाणी सुनाई पड़ी थी, ″धन्य हैं वे जो प्रभु के नाम पर मरते हैं।″

उन्होंने कहा, ″ये शब्द उन लोगों के हैं जो प्रभु में जीवन बिताते हैं, प्रभु जो हमारे मार्ग, सत्य और जीवन हैं।″ उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर रहते वक्त इसी शब्द ने स्वर्गीय कार्डिनल का मार्ग प्रशस्त किया और अब हम उनकी आत्मा को स्वर्गिय पिता के हाथों सौंप रहे हैं।

संत पापा फ्राँसिस के शोक संदेश का हवाला देते हुए कार्डिनल सोदानों ने कहा कि स्वर्गीय कार्डिनल तुच्ची एक अत्यन्त मेहनती एवं ओजस्वी जीवन की प्रेरणा देकर हमारे बीच से विदा हुए। कलीसिया एवं सुसमाचार के विश्वस्त सेवक, संत इग्नासियुस के उदाहरणों पर चलते हुए उन्होंने अपनी धर्मसमाजी बुलाहट को सच्चाई एवं उदारता पूर्वक जिया तथा हरपल दूसरों की मदद की।

पवित्र मिस्सा के मुख्य अनुष्ठाता ने कार्डिनल तुच्ची के जीवन उदाहरणों और कार्यों को कलीसिया के लिए एक धरोहर कहा।

कार्डिनल रोबेर्तो तुच्ची का जन्म इटली के नेपल्स शहर में हुआ था। उन्होंने बहुत कम उम्र में येसु समाज में प्रवेश किया था। वे संत पापा की प्रेरितिक यात्रा के अच्छे आयोजक के रूप में जाने जाते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.