2015-04-07 12:13:00

नई दिल्लीः पुलिस सुरक्षा के बीच देहली में मना ईस्टर


नई दिल्ली, मंगलवार, 7 अप्रैल 2015 (ऊका समाचार): देहली में ख्रीस्तीय समुदाय में पुलिस सुरक्षा के बीच ईस्टर महापर्व मनाया गया।

04 अप्रैल, पुण्य शनिवार की रात्रि तथा रविवार, पाँच अप्रैल को पास्का यानि ईस्टर महापर्व पर देहली के समस्त ख्रीस्तीय समुदायों को पुलिस की सुरक्षा प्रदान की गई थी।

पुलिस के विशिष्ट कमिशनर दीपक मिश्रा ने आयएएनएस समाचार से कहा कि पुलिस बल को गिरजाघरों के आस-पास कड़ी सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया गया था ताकि पास्का महापर्व की धर्मविधियों के दौरान कोई अनहोनी घटना न हो।

उन्होंने बताया कि प्रत्येक गिरजाघर के आस-पास सुरक्षा अधिकारियों एवं सशस्त्र पुलिस बलों को तैनात किया गया था तथा कई गिरजाघरों के निकट पीसीआर वाहनों को भी रखा गया था।

काथलिक संगठनों के संघ के सचिव एम.एस. स्तानिसलाव ने ऊका समाचार को बताया कि ईस्टर महापर्व से पूर्व ख्रीस्तीयों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने मुख्य मंत्री अरविन्द केजरीवाल तथा देहली के पुलिस अधीक्षक बी.एस. बस्सी से मुलाकात कर सुरक्षा का आग्रह किया था। उन्होंने बताया कि उन्हें आश्वासन दिया गया है कि अब से सभी ख्रीस्तीय महापर्वों पर पुलिस सुरक्षा प्रदान की जायेगी।    








All the contents on this site are copyrighted ©.