2015-03-12 16:30:00

फ्राँसिसकन धर्मसमाज द्वारा समाज में शांति स्थापित करने का प्रयास


भारत, बृहस्पतिवार, 12 मार्च 2015 (ऊकान)꞉ समर्पित जीवन को अर्पित वर्ष पर विशेष ध्यान देते हुए भारत स्थित संत फ्राँसिस को समर्पित धर्मसमाज के सदस्यों ने निश्चय किया है कि वे महिलाओं के विरूद्ध हिंसा को खत्म करने, ग़रीबों को शिक्षा देने एवं हाशिये पर जीवन यापन कर रहे लोगों की मदद करने का महत्वपूर्ण प्रयास करेंगे।

भारत में फ्राँसिसकन परिवार के समन्वयक फादर नित्य सागायाम ओ.एफ.एम. कैप ने जानकारी दी की वेल्लांकनी के आध्यात्मिक साधना केंद्र में ‘फ्राँसिसकन समर्पित जीवन’ पर एक खास सेमिनार का आयोजन किया गया था जिसमें उन्होंने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

ए.एफ.एफ.आई संत फ्राँसिस की आध्यात्मिकता को अपनाने वाले 53 धर्मसमाजों की एक ऐसी संस्था है जो भारत के विभिन्न हिस्सों के 163 प्रांतों में कार्यरत है।

फादर ने जानकारी दी कि सदस्यों ने असीसी के संत फ्राँसिस एवं संत क्लारा के चरणों में अपने समर्पण को नवीकृत किया जिसमें उन्होंने हाशिये पर जीवन यापन कर रहे लोगों विशेष कर, झोपड़ियों में रहने वालों एवं देहात के लोगों की मदद करने का निश्चय किया है। उन्होंने महिलाओं पर हो रही हिंसा को खत्म करने, ग़रीब बच्चों को शिक्षा देने एवं विस्थापितों के कल्याण एवं उनके विकास के लिए कार्य करने का प्रण लिया है।

विदित हो फ्राँसिसकन नेटवर्क ने गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों में भूकंप के पीड़ितों की मदद की थी।

फादर नित्य सागायाम ने कहा कि उनका प्रयास समाज से अन्याय को दूर करना तथा इसमें शांतिपूर्ण वातावरण तैयार करना है।

 








All the contents on this site are copyrighted ©.