2015-03-10 09:52:00

नई दिल्लीः बलात्कार वृत्तचित्र पर प्रतिबन्ध के विरोध में खाली स्क्रीन


नई दिल्ली, मंगलवार, 10 मार्च 2015 (ऊका समाचार): भारतीय न्यूज़ नेटवर्क एनडीटीवी टेलेविज़न चैनल ने "इन्डियाज़ डॉटर" शीर्षक से निर्मित वृत्तचित्र पर लगे प्रतिबन्ध का विरोध करने के लिये रविवार को, अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर, प्रातः नौ बजे से दस बजे तक खाली स्क्रीन का प्रसारण किया।   

विवादास्पद "इन्डियाज़ डॉटर" वृत्तचित्र 2012 में हुए दिल्ली की एक छात्रा के बर्बर सामूहिक बलात्कार के बारे में है जिसमें बलात्कार के अपराधियों ने महिला विरोधी वकतव्य दिये हैं। कई मानवाधिकार संगठनों एवं विपक्ष पार्टियों के विरोध के बाद भारत में इस वृत्तिचित्र पर प्रतिबन्ध लगा दिया गया था। स्वयं भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अपराधी मुकेश सिंह के वकतव्य को महिलाओं की प्रतिष्ठा का अपमान बताया है।    

एनडीटीवी चैनल ने प्रतिबंध पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है, लेकिन इसकी संपादकीय निदेशक सोनिया सिंह ने विरोध प्रदर्शन से पूर्व एक ट्वीट पर लिखा, "हम चिल्लायेंगे नहीं लेकिन हमारी आवाज़ सुनी जायेगी।"

इस बीच, बलात्कार की शिकार छात्रा के पिता ने कहा है, "सभी को यह वृत्तचित्र देखना चाहिये जिसमें भारत में महिलाओं के विरुद्ध दुर्व्यवहार का कडुवा सच छिपा है।"

"इन्डियाज़ डॉटर" वृत्तचित्र बीबीसी द्वारा भारत सहित विश्व के सात देशों में दिखाई जानी थी। 








All the contents on this site are copyrighted ©.