2015-01-21 11:43:00

बोको हरम को रोकने के लिये पश्चिमी हस्तक्षेप की पुकार


रोम, बुधवार, 21 जनवरी 2015 (सी.एन.एस.): नाईजिरिया में बोको हरम इस्लामी चरमपंथी दल के हिंसक आक्रमणों को रोकने के लिये मायुगुरी के काथलिक धर्माध्यक्ष ऑलिवर दाशे दोमे ने पश्चिमी हस्तक्षेप की पुकार लगाई है। उनका कहना है कि नाईजिरिया की सरकार निर्दोष लोगों के विरुद्ध नित्य जारी हिंसा को रोकने में असमर्थ रही है।    

"एड टू द चर्च इन नीड" कलीसियाई कल्याणकारी संस्था से 19 जनवरी को हुई बातचीत में उन्होंने कहाः "बोको हरम को पराजित करने के लिये पश्चिम को सैन्य बल लाकर सुरक्षा बहाल करना चाहिये।"

अमरीका ने बोको हरम को केवल चरमपंथी ही नहीं अपितु आतंकवादी दल घोषित कर दिया है। उसका दावा है कि बोको हरम नाईजिरियाई सरकार का तख्तापलट कर इस्लामी राज्य स्थापित करने का प्रयास कर रहा है। सन् 2009 में उभरे इस आतंकवादी दल को कम से कम 11,000 हत्याओं के लिये ज़िम्मेदार माना जाता है। 

धर्माध्यक्ष दोमे ने कहा कि उनके धर्मप्रान्त के सवा लाख लोगों में से 70,000 ने अपने घरों से पलायन कर लिया है तथा लगभग 1,000 मार डाले गये हैं। बोको हरम के लड़ाकाओं ने कम से 50 गिरजाघर एवं आराधना स्थलों को नष्ट कर दिया है। इसके अतिरिक्त, धर्मप्रान्त को 200 से अधिक गिरजाघरों के परित्याग हेतु बाध्य होना पड़ा है।

डॉक्टर्स विदाऊट बॉरडर कल्याणकारी संगठन के अनुसार बोको हरम की हिंसा के परिणामस्वरूप उत्तरी-पूर्वी नाईजिरिया से आठ लाख से लेकर 15 लाख लोग विस्थापित हो गये हैं।

 








All the contents on this site are copyrighted ©.