2014-12-27 15:25:57

विस्थापितों के बीच क्रिसमस


नाईजीरिया, शनिवार, 27 दिसम्बर 2014 (वाटिकन इनसाइडर)꞉ लोगों में दहशत के बावज़ूद ख्रीस्त जयन्ती के अवसर पर, नाईजीरिया स्थित योला के महागिरजाघर विश्वासियों से भरे दिखाई पड़े जबकि पावन ख्रीस्तयाग अर्पित करने हेतु धर्माध्यक्ष स्तेफन दामी ममज़ा को सुरक्षा बलों के साथ गिरजाघर जाना पड़ा।

नाईजीरिया के एक महागिरजाघर योला के धर्माध्यक्ष ममज़ ने कहा, ″ईश्वर हमें नहीं छोड़ते हैं।″
उन्होंने पत्रकारों से बातें करते हुए कहा कि महागिरजाघर में विश्वासियों की संख्या सामान्य से अधिक थी। लोगों में डर के बावजूद करीब 3 हज़ार विश्वासियों ने ख्रीस्तयाग में भाग लिया।

विदित हो कि चरमपंथियों के भय से नाईजीरिया के करीब 2,000 लोगों ने योला गिरजाघर में शरण ले रखी है।
धर्माध्यक्ष ने कहा कि हम आक्रमण से भयभीत हैं किन्तु विश्वासियों ने युखरिस्त में भारी संख्या में भाग लिया है।

उन्होंने कहा, ″स्कूल की 200 लड़कियाँ जिनका अप्रैल माह में बोको हराम के चरमपंथियों ने अपहरण कर लिया था जो अब तक वापस नहीं की गयी हैं, कई ख्रीस्तीयों का कत्ल किया गया क्योंकि उन्होंने अपने विश्वास का परित्याग नहीं किया, गाँव पर आक्रमण तथा धार्मिक अनुष्ठानों में बाधा आदि मुस्लिम चरमपंथियों की हिंसा के कुछ उदाहरण हैं। हमारी इन सारी कठिनाईयों के बावजूद ईश्वर हमें नहीं भूलते।″

बोको हराम चरमपंथियों के आक्रमण से बचने हेतु कड़ी सुरक्षा का प्रबंध किया गया है। 24 से 28 दिसम्बर तक किसी वाहन के चलने की अनुमति नहीं है।









All the contents on this site are copyrighted ©.