2014-10-08 11:42:38

वाटिकन सिटीः यूरोपीय संसद को सम्बोधित करेंगे सन्त पापा फ्राँसिस


वाटिकन सिटी, बुधवार, 08 अक्टूबर सन् 2014 (सेदोक): सन्त पापा फ्राँसिस आगामी 25 नवम्बर को यूरोपीय संसद तथा यूरोपीय समिति को सम्बोधित करने स्ट्रासबुर्ग की यात्रा करेंगे।

मंगलवार को वाटिकन प्रेस कार्यालय द्वारा जारी एक वकतव्य में कहा गया कि यूरोपीय संसद तथा यूरोपीय समिति के सदस्यों को सम्बोधित करने के लिये सन्त पापा फ्राँस के स्ट्रासबुर्ग शहर की यात्रा करेंगे।

यूरोपीय संघ में यूरोपीय संसद एकमात्र संस्था है जिसके सासंदों का चुनाव प्रत्यक्ष रूप से होता है। साथ ही यह विश्व की सर्वाधिक विशाल प्रजातांत्रिक सभाओं में से एक है। यूरोपीय संसद के 751 सदस्य 50 करोड़ यूरोपीय नागरिकों का प्रतिनिधित्व करते हैं। इनका चुनाव प्रति पाँचवे वर्ष यूरोपीय संघ के 28 देशों के मतदाताओं द्वारा किया जाता है।

वाटिकन के वकतव्य में बताया गया कि यूरोपीय संसद में आने का निमंत्रण संसद के अध्यक्ष शूल्ज़ द्वारा 11 अक्तूबर सन् 2013 को दिया गया था जब वे वाटिकन में सन्त पापा से मुलाकात हेतु आये थे।

दूसरी ओर, यूरोपीय समिति यूरोप का प्रमुख मानवाधिकार संगठन है। 47 यूरोपीय राष्ट्र इसके सदस्य हैं जिनमें से 28 यूरोपीय संघ के सदस्य हैं। विगत वर्ष 20 सितम्बर को यूरोपीय समिति के महासचिव थोर्बयोन यागलैण्ड ने वाटिकन में सन्त पापा से मुलाकात कर उन्हें यूरोपीय समिति की भेंट का आमंत्रण दिया था।

इस वर्ष यूरोपीय समिति अपनी 65 वीँ वर्षगाँठ मना रही है उसी के उपलक्ष्य में सन्त पापा समिति को सम्बोधित करेंगे।
इससे पूर्व सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने सन् 1988 में यूरोपीय संसद एवं यूरोपीय समिति को सम्बोधित किया था।








All the contents on this site are copyrighted ©.