2014-10-06 15:37:54

दोतरफ़ा गोलीबारी और दोतरफ़ा दावे


कश्मीर, सोमवार 6 अक्तूबर, 2014 (बीबीसी) भारत और पाकिस्तान की सीमा रेखा पर हुई गोलीबारी में पांच लोगों की मौत हो गई है और 30 से ज़्यादा लोग घायल हैं. घायलों में महिलाएँ और बच्चे भी हैं।

वहीं रेडियो पाकिस्तान के अनुसार भारत की तरफ़ से की गई गोलीबारी से चार पाकिस्तानी नागरिकों की मौत हो गई और तीन घायल हुए हैं. मरने वालों में दो बच्चे, एक महिला और एक वृद्ध शामिल हैं।

बीएसएफ पीआरओ के अनुसार इस गोलीबारी में मारे गए लोगों की संख्या अब पांच हो गई है जबकि 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

सीमा रेखा पर हुई गोलीबारी में एक बीएसएफ जवान भी जख्मी हुआ है.

भारतीय सेना की ओर से आ रही जानकारी के मुताबिक आरएस पुरा सेक्टर में पुंछ, गुलमर्ग और अरनिया इलाके में युद्धविराम का उल्लंघन हुआ है।

सेना के अधिकारियों के अनुसार अगस्त में दोनों देशों के डीजीएमओ अधिकारियों की बातचीत हुई थी। इस बातचीत के बाद कुछ दिनों तक तो खामोशी छाई रही. फिर पाकिस्तान की ओर से युद्धविराम समझौते का उल्लंघन शुरू हो गया।

स्थानीय पत्रकार माजिद जहाँगीर के अनुसार जम्मू-कश्मीर के आरएस पुरा सेक्टर, अरीना सेक्टर और जीबी सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर दोनों तरफ़ से हो रही गोलीबारी जारी है।

भारत के रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि भारतीय सेना पाकिस्तान के हर उकसावे का जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।

बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक़ पाकिस्तान के रेंजरों ने पाँच और छह अक्तूबर की रात को आएएस पुरा में भारत की दस चौकियों पर गोलीबारी शुरू की, जिसका भारतीय जवानों ने जवाब दिया।

गोलीबारी के कारण इलाक़े में स्थितिपूर्ण तनावपूर्ण है।

भारत और पाकिस्तान एक-दूसरे पर विवादित सीमा रेखा पर बग़ैर किसी भड़कावे के गोलीबारी करने का आरोप लगाते रहे हैं।

अगस्त में भारत ने पाकिस्तान से होने वाली वार्ता को रद्द कर दिया था. भारत ने कहा था कि पाकिस्तान उसके घरेलू मामलों में दखल दे रहा है।










All the contents on this site are copyrighted ©.