2014-10-04 15:58:34

सिनड की पूर्व संध्या पर जागरण प्रार्थना


वाटिकन सिटी, शनिवार, 4 अक्तूबर 2014 (वीआर सेदोक)꞉ इताली काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष महाधर्मध्यक्ष कार्डिनल आंजेलो बान्यास्को ने विश्व धर्माध्यक्षीय धर्मसभा के आरम्भ होने की पूर्व संध्या को, जागरण प्रार्थना हेतु संत पापा फ्राँसिस के आह्वान पर, बल देते हुए सभी विश्वासियों से आग्रह किया कि वे इस प्रार्थना में शामिल हों।

उन्होंने कहा, ″धर्माध्यक्षीय सिनड की पूर्व संध्या पर जागरण प्रार्थना में एक साथ भाग लेना अत्यन्त सुन्दर है। हम न केवल संत पेत्रुस महागिरजाघर में एकत्र विश्वासियों का आह्वान करते किन्तु काथलिक कलीसिया की सभी पल्लियों एवं परिवारों को इस जागरण प्रार्थना में भाग लेने का निमंत्रण देते हैं ताकि हम सब एक होकर प्रार्थना कर सकें। इस प्रकार प्रार्थना में भाग लेना कलीसिया एवं प्रेरित संत पेत्रुस के उत्तराधिकारी के प्रति हमारे प्रेम को दर्शाता है।″

उन्होंने कहा इस चुनौतीपूर्ण समय में हमारी प्रार्थना सभी लोगों के प्रति धन्यवाद की प्रार्थना हो। हम अपने परिवार के लिए ईश्वर को धन्यवाद दें।
ज्ञात हो कि 4 अक्तूबर को रोम समयानुसार संध्या 7 बजे संत पेत्रुस महागिरजाघर के प्राँगण में जागरण प्रार्थना की जायेगी जिसका संचालन संत पापा फ्राँसिस करेंगे।








All the contents on this site are copyrighted ©.