2014-09-01 12:29:07

वाटिकन सिटीः बेसलान को सन्त पापा ने भेजा पत्र


वाटिकन सिटी, 01 सितम्बर सन् 2014 (आन्सा): रूस के ओसेत्सिया नगर स्थित बेसलान में चेचेन के विद्रोहियों दवारा मारे गये स्कूली बच्चों एवं शिक्षकों के नरसंहार की दसवीं बरसी पर सन्त पापा फ्राँसिस ने गहन दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को एक पत्र प्रेषित किया है।

इटली के ब्रेश्या से प्रकाशित एक दैनिक के अनुसार सन्त पापा का शोक पत्र बेसलान के लोगों को इताली काथलिक पुरोहित फादर पाओलो दे कार्ली द्वारा अर्पित किया जायेगा।

उत्तरी रूस के ओसेत्सिया नगर के बेसलान स्थित स्कूल पर सन् 2004 की पहली सितम्बर को चेचेन के इस्लामी विद्रोहियों ने हमला कर शिक्षकों सहित 1,200 छात्रों को बन्धक बना लिया था। तीन सितम्बर तक स्कूली बच्चे चेचेनी इस्लामी विद्रोहियों के अधीन बन्धक बने रहे तथा बाहर उनके माता पिता एवं परिजन आतुरता से उनके बाहर निकलने की राह देखते रहे थे।

03 सितम्बर 2004 को रूसी सेना के विशिष्ट सैन्य बल के हस्तक्षेप में बन्धकों एवं विद्रोहियों में 331 की हत्या हो गई थी जबकि 700 लोग घायल हो गये थे।

फादर पाओलो दे कार्ली ने इन वर्षों में इटली के त्रेन्तो स्थित अपनी पल्ली में बेसलान नरसंहार से प्रभावित 63 पीड़ितों को आतिथेय प्रदान किया है इसीलिये पत्र अर्पित करने हेतु सन्त पापा ने उनका चयन किया है। सन्त पापा ने इस सन्दर्भ में फादर दे कार्ली से टेलेफोन पर बातचीत की थी।








All the contents on this site are copyrighted ©.