2014-08-27 11:59:26

राँचीः बलात धर्मान्तरण मामले में पति गिरफ्तार, सीआईडी जाँच पड़ताल शुरु


राँची, 27 अगस्त सन् 2014 (आजी, इताली समाचार): भारत में राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज तारा शाहदेव द्वारा पति पर बलात इस्लाम धर्म में परिवर्तन का आरोप लगाये जाने के बाद देश के अपराध जाँच विभाग साआईडी ने जाँच पड़ताल शुरु कर दी है।

इस बीच, निशानेबाज तारा शाहदेव के पति रंजीत कुमार कोहली को मंगलवार रात दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

तारा शाहदेव ने पुलिस में शिकायत की थी कि पति रंजीत कुमार कोहली ने उनका जबरन धर्म परिवर्तन करवाने की कोशिश की। इस्लाम कबूल करने का विरोध करने पर तारा के साथ दरिंदों जैसा बर्ताव किया गया तथा उन्हें कड़ी यातनाएँ दी गई। आरोप सामने आने के बाद से ही रंजीत अपने परिवार सहित फ़रार हो गया था।

तारा का आरोप है कि उनके पति रंजीत कुमार कोहली ने खुद का नाम भी गलत बताया हुआ है और वह दरअसल रंजीत नहीं बल्कि रकीबुल हसन है। तारा के शरीर पर कई जख्म भी हैं और वह ठीक से चल भी नहीं पा रही हैं। तारा का कहना है कि रंजीत उन्हें शारीरिक संबंध बनाने के लिए भी मजबूर करता था और धमकियां देता था। उन्हें शादी की पहली रात ही यह पता चल गया था कि रंजीत कुमार का असली नाम रकीबुल हसन है।

उधर गिरफ्तार रंजीत ने तारा के आरोपों को मनगढ़न्त बताते हुए कहा है कि उसका नाम कोहली ही है और वह सिक्ख है किन्तु सभी धर्मों का सम्मान करता है।

रंजीत कई दिन से फ़रार था और उसकी मां भी पुलिस हिरासत में हैं। रांची के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के अनुसार कोहली को दिल्ली से गिरफ़्तार कर रांची लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कोहली के घर से मिली दूसरे धर्मों से संबंधित तस्वीरों, कुछ किताबों और लैपटॉप की जाँच हो रही है।








All the contents on this site are copyrighted ©.