2014-07-09 12:32:57

वाटिकन सिटीः श्रद्धेय थेओदोर मासकारेनस राँची के सहयोगी धर्माध्यक्ष मनोनीत


वाटिकन सिटी, 09 जुलाई सन् 2014 (सेदोक): सन्त पापा फ्राँसिस ने सन्त फ्राँसिस ज़ेवियर धर्मसमाज के श्रद्धेय फादर थेओदोर मासकारेनस एस.एफ.एक्स. को राँची के सहयोगी धर्माध्यक्ष मनोनीत कर दिया है। इस समय फादर मासकारेनस संस्कृति सम्बन्धी परमधर्मपीठीय परिषद के अधिकारी हैं। मनोनीत धर्माध्यक्ष को लिसिनिया की नामधारी धर्माध्यक्षीय पीठ भी प्रदान की गई है।

गोवा महाधर्मप्रान्त के कामुरलिम में फादर मासकारेनस का जन्म 09 नवम्बर 1960 ई. को हुआ था।

महाराष्ट्र के नागपुर में सन्त चार्ल्स काथलिक गुरुकुल तथा गोवा स्थित पिलार धर्मसमाजी अखिल भारतीय मिशनरी गुरुकुल से आपने दर्शन एवं ईशशास्त्र का अध्ययन पूरा किया। तदोपरान्त, नागपुर विश्वविद्यालय से राजनीति शास्त्र में स्नातकोत्तर की डिगरी प्राप्त की। बाद में रोम स्थित परमधर्मपीठीय बाईबिल अनुसन्धान संस्थान से पवित्र धर्मग्रन्थ में डॉक्टरेड की उपाधि ग्रहण की। 24 अप्रैल, सन् 1988 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त किये गये थे।

सन् 1988 से 1993 तक आप उत्तर भारत के पंजाब में स्कूल के प्रधान अध्यापक एवं प्राचार्य रहे। सन् 1994 से सन् 2001 तक आपने रोम में डॉक्टरेड की पढ़ाई की। रोम में आप पिलार धर्मसमाज के कल्याणकारी कार्यों के समन्वयकर्ता तथा पिलार धर्मसमाज के पूजनीय फादर एग्नेलो की धन्य घोषणा पर कार्य करते रहे थे। 2005 में आपको यूरोप में पिलार धर्मसमाज के प्रतिनिधि पद पर नियुक्त किया गया था तथा 2006 से आप वाटिकन में संस्कृति सम्बन्धी परमधर्मपीठीय परिषद के अधिकारी पद पर कार्यरत हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.