2014-06-10 12:16:43

वाटिकन सिटीः आबिदजान के पूर्व महाधर्माध्यक्ष कार्डिनल बेरनार्ड आग्रे का निधन


वाटिकन सिटी, 10 जून सन् 2014 (सेदोक): आयवरी कोस्ट में आबिदजान के सेवानिवृत्त महाधर्माध्यक्ष 88 वर्षीय कार्डिनल बेरनार्ड आग्रे का निधन हो गया है।

कार्डिनल बेरनार्ड आग्रे का जन्म 02 मार्च सन् 1926 ई. को आयवरी कोस्ट के मोंगा में हुआ था। 20 जुलाई सन् 1953 ई. को आप पुरोहित अभिषिक्त हुए थे तथा रोम स्थित परमधर्मपीठीय अर्बन विश्वविद्यालय से आपने कलीसियाई विधान में डाक्टरेड की उपाधि प्राप्त की थी।

आयवरी कोस्ट में आपने स्कूल के प्राचार्य, गुरुकुल अध्यक्ष, पल्ली पुरोहित तथा आबिदजान के प्रतिधर्माध्यक्ष रूप में सेवाएँ अर्पित की थीं। 08 जून सन् 1968 ई. को आप धर्माध्यक्ष अभिषिक्त किये गये थे। सन् 1994 में आप आबिदजान के महाधर्माध्यक्ष नियुक्त किये गये थे।

सन् 1985 से सन् 1991 तक आप पश्चिमी अफ्रीकी धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों के संघ के अध्यक्ष थे तथा सन् 1972 से सन् 1996 तक आप सम्पूर्ण अफ्रीका के काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलनों के संघ में संचार माध्यम समिति के प्रमुख थे।

सन् 2000 में महान जयन्ती वर्ष के लिये गठित समिति के भी आप सदस्य थे। 21 फरवरी सन् 2001 को सन्त पापा जॉन पौल द्वितीय ने आपको कलीसिया के राजकुमार की पदवी प्रदान कर कार्डिनल नियुक्त किया था।

दो मई सन् 2006 से आप आबिदजान के महाधर्माध्यक्षीय पद से सेवानिवृत्त हुए थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.