2014-06-04 12:36:40

नई दिल्लीः अपहृत भारतीय काथलिक पुरोहित का अब तक कोई पता नहीं


नई दिल्ली, 04 जून सन् 2014 (ऊका समाचार): अफगानिस्तान के पश्चिमी हेरात प्रांत में बंदूकधारियों द्वारा सोमवार को अगवा कर लिये गये भारत के येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर एलेक्सिस प्रेमकुमार के बारे में अभी भी कुछ पता नहीं चल पाया है।

अधिकारियों के अनुसार, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, 47 वर्षीय भारतीय पुरोहित फादर प्रेमकुमार के अपहरण से संबंधित स्थिति पर निगरानी रख रही हैं जो 23 मई को हेरात के भारतीय वाणिज्य दूतावास पर आतंकवादी हमले के बाद हुआ।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अफ़गानिस्तान में भारतीय राजदूत अमर सिन्हा काबूल में अफ़गान अधिकारियों से सम्पर्क बनाये हुए हैं जबकि हेरात में महावाणिज्य स्थानीय अधिकारियों के साथ फादर का पता लगाने के लिये काम कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि अपहृत काथलिक पुरोहित भारतीय सरकार की ओर से किसी काम में संलग्न नहीं थे।

भारत के येसु धर्मसमाजी पुरोहित फादर एलेक्सिस प्रेमकुमार अफ़गानिस्तान के हेरात में येसु धर्मसमाज द्वारा संचालित शरणार्थी सेवा के निदेशक थे।

दक्षिण एशिया में येसुधर्मसमाज के प्रान्ताध्यक्ष फादर एडवर्ड मूदावास्सेरी ने मंगलवार को बताया था सोमवार 03 जून की दोपहर, हेरात के निकटवर्ती गाँव सोहादत में अज्ञात लोगों के एक समूह ने फादर प्रेमकुमार का अपहरण कर लिया था। उनका अपहरण उस समय किया गया जब वे येसु धर्मसमाज द्वारा, शरणार्थियों के लिये, संचालित एक स्कूल के दौरे पर निकले थे।








All the contents on this site are copyrighted ©.