2014-05-21 12:12:16

वाटिकन सिटीः कोलोम्बिया की बस दुर्घटना के बाद सन्त पापा ने भेजा शोक सन्देश


वाटिकन सिटी, 21 मई सन् 2014 (सेदोक): कोलोम्बिया के फुन्डाटसियोने नगर में हुई त्रासदिक बस दुर्घटना के उपरान्त सन्त पापा फ्राँसिस ने एक शोक सन्देश प्रेषित कर मारे गये लोगों एवं उनके परिजनों के प्रति गहन सहानुभूति का प्रदर्शन किया है।

रविवार को हुई बस दुर्घटना में 32 बच्चों के प्राण चले गये हैं तथा कई बच्चों को गम्भीर चोटें आई हैं। सभी बच्चे 14 वर्ष का आयु से कम उम्र के थे। बस दुर्घटना उस समय हुई जब बच्चे रविवारीय धर्मशिक्षा सत्र से वापस घर लौट रहे थे।
वाटिकन राज्य सचिव कार्डिनल पियेत्रो पारोलीन ने सन्त पापा फ्राँसिस की ओर से कोलोम्बिया में सान्ता मरिया के महाधर्माध्यक्ष को एक तार सन्देश प्रेषित कर दुर्घटना पर गहन शोक व्यक्त किया।

उन्होंने लिखाः "फुनडाटसियोने नगर में हुई बस दुर्घटना का समाचार सुन सन्त पापा फ्राँसिस अत्यधिक दुःखी हुए हैं जिसमें इतने अधिक बच्चों के प्राण चले गये।"

तार सन्देश में आगे कहा गयाः "इस घोर त्रासदी से प्रभावित समस्त लोगों के प्रति सन्त पापा अपने आध्यात्मिक सामीप्य का प्रदर्शन करते तथा इस दुर्घटना के शिकार सभी लोगों की चिर शांति हेतु प्रभु ईश्वर से आर्त याचना करते हैं। शोकाकुल परिवारों के लिये दैवीय सान्तवना की कामना करते हुए सन्त पापा प्रार्थना में उनके साथ होने का आश्वासन देते हैं।








All the contents on this site are copyrighted ©.