2014-05-20 12:14:32

नई दिल्लीः धर्माध्यक्षों की आशा है कि नई सरकार धर्मनिरपेक्षता को बरकरार रखेगी


नई दिल्ली, 20 मई सन् 2014 (ऊका समाचार): भारत के काथलिक धर्माध्यक्षों ने आशा व्यक्त की है कि नई सरकार देश की धर्मनिरपेक्ष प्रकृति को बरकरार रखने का हर सम्भव प्रयास करेगी।

देश के आमचुनावों में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की शानदार विजय पर बधाई देते हुए काथलिक धर्माध्यक्षों ने आशा व्यक्त की है कि नई सरकार भारत को एक महान देश बनाने में जीवन के शाश्वत मूल्यों एवं धर्मनिरपेक्षता को बरकरार रखेगी।

धर्माध्यक्षों की ओर से भारतीय काथलिक धर्माध्यक्षीय सम्मेलन के अध्यक्ष कार्डिनल मार बासिलेऊस क्लेमिस ने एक वकतव्य जारी कर लिखाः " भाजपा के नेतृत्व वाली नई सरकार महात्मा गाँधी के भारत में सुरक्षा, जनकल्याण तथा सभी वर्गों के लोगों के धारणीय विकास को सुनिश्चित्त कर विश्व के देशों में ऊँचा स्थान प्राप्त करे।"

उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई सरकार शाश्वत मूल्यों , धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र के सिद्धांतों की रक्षा करते हुए देश को विकास की राह ले जायेगी।

राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सरकार की गतिविधियों को काथलिक कलीसिया के समर्थन की पुष्टि करते हुए कार्डिनल क्लेमिस ने कहा कि अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा देश के कमजोर वर्गों के प्रति विशेष ध्यान देना नई सरकार का दायित्व है।

कांग्रेस पार्टी को भारत के धर्माध्यक्षों ने परामर्श दिया है कि वह अनुभव से सीखे तथा जनता की ज़रूरतों को ध्यान में रखकर संसद में विपक्षी दल होने के नाते एक रचनात्मक शक्ति रूप में उभरे।








All the contents on this site are copyrighted ©.