2014-05-14 11:34:54

जिनेवा: घातक स्वायत्त हथियार प्रणाली पर महाधर्माध्यक्ष थॉमासी की चिन्ता


जिनिवा, 14 मई सन् 2014 (सेदोक): वाटिकन के वरिष्ठ महाधर्माध्यक्ष सिलवानो थॉमासी ने घातक स्वायत्त हथियार प्रणाली पर गहन चिन्ता व्यक्त की है जिसके मानव जीवन पर गम्भीर एवं अन्धाधुन्ध परिणाम हो सकते हैं।
जिनिवा स्थित संयुक्त राष्ट्र संघ एवं अन्य अन्तरराष्ट्रीय कार्यालयों में परमधर्मपीठ के स्थायी पर्यवेक्षक महाधर्माध्यक्ष थॉमासी ने मंगलवार को "लेथल ऑटोनोमस वेपन सिस्टम" यानि घातक स्वायत्त हथियार प्रणाली से सम्बन्धित विशेषज्ञों की बैठक को सम्बोधित कर अपनी चिन्ता व्यक्त की।
महाधर्माध्यक्ष ने कहा, "हालांकि स्वायत्त तकनीकी मानव जीवन के लिये लाभकर सिद्ध हो सकती है, शस्त्र औद्योगिकी को स्वायत्तता प्रदान करना बिलकुल अलग मुद्दा है क्योंकि वह एक मशीन को जीवन और मरण पर फ़ैसला करने के लिये छोड़ देती है। स्वायत्त हथियार प्रणाली की उभरती तकनिकियों के प्रति हम चिन्तित हैं जो निगरानी अथवा खुफिया जानकारी एकत्र करने की क्षमता से परे जाकर वास्तव में मानव लक्ष्यों पर प्रहार करती है।"
महाधर्माध्यक्ष थॉमासी ने कहा कि किसी भी अन्य शस्त्र प्रणाली की तरह स्वायत्त शस्त्र प्रणाली का भी विवेकपूर्ण ढंग से अवलोकन अनिवार्य है तथा इसे भी सभी परीक्षणों में उत्तीर्ण होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अन्तरराष्ट्रीय कानून के प्रति सम्मान, मानवाधिकार सम्बन्धी कानून के प्रति सम्मान तथा परीक्षण कोई विकल्प नहीं है।
महाधर्माध्यक्ष थॉमासी ने कहा कि परमधर्मपीठ इस दृष्टिकोण का समर्थन करती है कि स्वायत्त हथियार प्रणाली घातक है जिसके नैतिक परिणामों को अनदेखा नहीं किया जा सकता।








All the contents on this site are copyrighted ©.