2014-05-12 15:25:14

नाइजीरिया में 'अगवा लड़कियों' का वीडियो जारी


नाइजीरिया, सोमवार 12 मई, 2014 (बीबीसी) नाइजीरिया में चरमपंथी संगठन बोको हराम ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि उसके कब्ज़े में अब भी अगवा की गई 100 लड़कियां हैं।

बोको हराम ने उत्तरी नाइजीरिया से 14 अप्रैल को 200 से ज़्यादा लड़कियों का अपहरण कर लिया था और उन्हें बेचने की धमकी दी थी।

बोको हराम के नेता अबू बकर शेकाऊ का कहना है कि इन लड़कियों को तब तक बंधक रखा जाएगा जब तक कि जेल में बंद सभी चरमपंथी रिहा नहीं कर दिए जाते।

उन्होंने कहा कि सभी लड़कियों ने इस्लाम अपना लिया है. सोमवार को जारी इस वीडियो में दावा किया गया है कि वो सभी लड़कियां नमाज़ अदा कर रही हैं।

फ़्रांस की समाचार एजेंसी एएफ़पी को मिले 17 मिनट लंबे इस वीडियो में तीन लड़कियों को बोलते हुए दिखाया गया है, उन्होंने हिजाब पहना हुआ है।

दो लड़कियां कहती हैं कि वो ईसाई थीं और उन्होंने इस्लाम अपना लिया है जबकि एक अन्य लड़की कहती है कि वो मुसलमान है।

वीडियो में अबू बकर शेकाऊ कहते हैं, "इन लड़कियों को हमने आज़ाद कर दिया है. ये लड़कियां मुसलमान बन चुकी हैं।"

ऐसा समझा जाता है कि जिन लड़कियों का अपहरण किया गया उनमें से ज़्यादातर ईसाई हैं, हालांकि उनमें कुछ मुसलमान भी हैं।

संवाददाताओं का कहना है कि ये लड़कियां शांत दिखाई दे रही हैं और उनमें से एक ने कहा कि उन्हें नुकसान नहीं पहुँचाया गया है।इस बात के कोई संकेत नहीं हैं कि ये वीडियो कब और कहां लिया गया।

बोको हराम का मतलब होता है, "पश्चिमी शिक्षा की मनाही है". इस संगठन का कहना है कि लड़कियों को स्कूल में नहीं होना चाहिए था बल्कि उनकी शादी हो जानी चाहिए थी.

बोको हराम ने साल 2009 से ही नाइजीरिया की सरकार के ख़िलाफ़ हिंसक अभियान छेड़ रखा है।








All the contents on this site are copyrighted ©.