2014-05-09 12:26:39

वाटिकन ने छात्राओं को सुरक्षित मुक्त करने की अपील की


वाटिकन सिटी, शुक्रवार 9 मई, 2014. (सीएनए) वाटिकन प्रेस कार्यालय़ एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नाईजीरिया में 200 स्कूली छात्राओं के अपहरण को मानवाधिकारों घोर उल्लंघन कहते हुए निन्दा की है और अपील की है कि आतंकवाद का अन्त हो और छात्राओं को सुरक्षित छोड़ दिया जाये।
वाटिकन प्रेस कार्यालय के निदेशक फादर फेदेरिको लोमबारदी ने अपने वक्तव्य में कहा कि मानव प्राणी के जीवन और उसकी मर्यादा का अपमान या निषेध विशेष कर के मासूम, कमजोर और निस्सहाय लोगों के प्रति अन्याय की कड़ी भर्त्सणा की जानी चाहिये।
विदित हो कि बोको हराम नामक आतंकवादी संगठन ने 14 अप्रैल को नाईजीरिया के उत्तरी पूर्वी राज्य बोरनो के एक छात्रावास से करीब 300 छात्राओं का अपहरण कर लिया है। छात्राओं की उम्र 16 और 18 के बीच है।
अपह्रत छात्राओं में 53 छात्रायें आतंकवादियों के चंगुल से भागने में सफल हो गयीं हैं जबकि 276 छात्राओं अब भी लापता हैं।
फादर लोमबारदी ने कहा कि इस तरह की हिंसक घटना मानवाधिकार के उल्लंघन की श्रृंखला का एक भाग है। उन्होंने कहा कि अपह्रत छात्राओं के प्रति वे हार्दिक सहानुभूति प्रकट करते है। वे इस बात को गहराई से समझते हैं कि इससे छात्राओं को घोर शारीरिक, आध्यात्मिक और मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ रहा है।
इस्लामिक आतंकवादी संगठन बोको हराम के नेता अबुबकार शेकाउ ने इस घटना की ज़िम्मेदारी अपने ऊपर ली है और धमकी दी है कि वे लड़कियों को बेच देंगे और स्कूलों पर और आक्रमण करना जारी रखेंगे।
विदित हो कि यह दल छात्राओं की शिक्षा के ख़िलाफ़ है। बोको हराम का शाब्दिक अर्थ होता है ‘पश्चिमी शिक्षा पाप है’। यह संगठन नाईजीरिया में शरिया कानून लगाये जाने का समर्थन करती है।
फादर लोमबारदी ने अपील करते हुए आशा व्यक्त की है कि छात्राओं को सुरक्षित छोड दिया जायेगा और इस समस्या का समाधान खोज लिया जायेगा।
विदित हो कि वाटिकन के अलावा विभिन्न अन्य देश जैसे चीन, अमेरिका, फ्राँस और इंगलैंड ने भी अपने प्रयास तेज कर दिये हैं ताकि छात्राओं को पूरी सुरक्षा के साथ मुक्त कर दिया जाये।
मालूम हो कि विश्व में तालिबान के बाद सबसे खतरनाक आतंकवादियों की सूची में बोको हराम का दूसरा स्थान है।








All the contents on this site are copyrighted ©.